BHU में इफ्तार पार्टी पर बवाल : छात्रों ने फूंका कुलपति का पुतला, संत समाज भी विरोध में उतरा
वाराणसी, 28 अप्रैल: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में इफ्तार पार्टी के बाद बवाल मच गया है। छात्रों के विरोध के बाद अब संत समाज भी इसके विरोध में सामने आ गया है। अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने इसका विरोध करते हुए कहा कि जब अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में दुर्गा सप्तशती और रामनवमी नहीं मनाई जा सकती तो बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में रोजा इफ्तार क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के केंद्रों को राजनीति का अड्डा नहीं बनाया जाए।

बीएचयू के महिला महाविद्यालय में रोजा इफ्तार पार्टी के बाद स्टूडेंट्स में आक्रोश है। इफ्तार पार्टी की जानकारी होते ही कुछ छात्रों ने इसको लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए जमकर नारेबाजी की और वीसी आवास के बाहर वीसी का पुतला भी फूंका। उनका कहना था कि लंबे समय से ऐसा कोई भी आयोजन विवि में नहीं हो रहा था। अचानक ऐसा होना निंदनीय है।
बीएचयू परिसर में जगह-जगह दीवारों पर कश्मीर और एक जाति विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी गई। इसके बाद माहौल गरमा गया। इन टिप्पणियों के नीचे भगत सिंह छात्र मोर्चा का नाम भी लिखा गया। हालांकि इस मामले से भगत सिंह छात्र मोर्चा ने किनारा करते हुए कहा कि यह संगठन को बदनाम करने की साजिश है। इससे भगत सिंह छात्र मोर्चा का कोई लेना देना नहीं है। बीएचयू चीफ प्रॉक्टर प्रो. बीसी कापड़ी ने कहा कि इस तरह का कृत्य विश्वविद्यालय को बदनाम करने की साजिश है। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले की जांच में जुट गया है।












Click it and Unblock the Notifications