वाराणसी में 24 घंटे में दूसरी मुठभेड़, फाइनेंस कर्मचारी को गोली मारकर लूट करने वाला बदमाश गिरफ्तार
Encounter in Varanasi: वाराणसी जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड फेज एक पर पिछले दिनों फाइनेंस कर्मी को गोली मारकर लूटपाट करने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है।
बदमाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि बदमाश देर रात किसी वारदात को अंजाम देने जा रहा था। इसी दौरान चेकिंग कर रही पुलिस से उसका सामना हो गया और उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद डीसीपी वरुणा चंद्रकांत मीणा, एडीसीपी सरवणन टी. मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों द्वारा मुठभेड़ में शामिल टीम से घटना की जानकारी ली गई। वहीं अस्पताल में भर्ती बदमाश से भी पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की।
गोली मारकर लूटा था एक लाख रुपए
पिछले दिनों वाराणसी जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भदोही जनपद के औराई निवासी योगेश कुमार नामक फाइनेंस कर्मचारियों को गोली मारकर एक लाख रुपए लूट कर बदमाश फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस टीम द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने बदमाश की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के सोनकर बस्ती निवासी शिव सोनकर के रूप में की। बताया जा रहा है की घटना को अंजाम देने के बाद शिव वाराणसी से फरार हो गया था। पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी थी।
इसी बीच सोमवार की रात में वह दूसरी वारदात को अंजाम देने के लिए वाराणसी में पहुंचा था। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम द्वारा जांच पड़ताल शुरू की गई तो वह लगातार अपना लोकेशन बदलते हुए पुलिस को गुमराह करने लगा।
रिंग रोड पर पुलिस ने शुरू की चेकिंग
बताया जा रहा है कि पुलिस को आशंका थी कि बदमाश रिंग रोड की तरफ से जा सकता है। ऐसे में पुलिस की एक टीम को रिंग रोड पर चेकिंग के लिए तैनात कर दिया गया। इसी दौरान पुलिस टीम को एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया।
बाइक सवार बाइक को रोकने की बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग करने के बाद वह भागने लगा। इस दौरान बैकअप फोर्स के लिए कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पहले से उसकी तलाश में लगी पुलिस टीम भी वहां पहुंच गई।
पुलिस ने घेरेबंदी की तो पुनः वह पुलिस पर गोली चला दिया। उसके बाद पुलिस द्वारा भी जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षार्थ गोली चलाई गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली शिव सोनकर के पैर में जाकर लगी और वह गिर गया। उसके बाद पुलिस टीम में उसे गिरफ्तार कर लिया। बदमाश को अस्पताल में भर्ती करने के बाद पुलिस टीम उसकी क्राइम हिस्ट्री खंगाल रही है। इससे पहले रविवार की रात में भी वाराणसी में एनकाउंटर के दौरान एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications