Mulayam Singh Yadav: सूचना जारी होते ही समाजवादी पदयात्रा रद्द, कई दिग्गज नेता जा चुके हैं दिल्ली
Mulayam Singh Yadav की हालत गंभीर बनी हुई है इसे देखते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय से सूचना जारी होते ही देश बचाओ देश बनाओ समाजवादी पदयात्रा को वाराणसी में रद्द कर दिया गया।
Mulayam Singh Yadav का स्वास्थ्य अभी भी ठीक नहीं है। गुरुग्राम स्थित मेदांता हॉस्पिटल के आईसीयू में उनका उपचार चल रहा है लेकिन हालत गंभीर बनी हुई है। शनिवार दोपहर 2 बजे समाजवादी पार्टी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल द्वारा मेदांता हॉस्पिटल से जारी हुई मेडिकल बुलेटिन को शेयर किया गया। वहीं वाराणसी महानगर में शनिवार और रविवार को समाजवादी पार्टी द्वारा निकाली जाने वाली देश बचाओ देश बनाओ पदयात्रा को स्थगित कर दिया गया। पदयात्रा रद्द करने के बारे में महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा द्वारा भी सूचना जारी करते हुए जानकारी दी गई। मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य जानने के लिए वाराणसी समेत पूर्वांचल के दिग्गज नेता वाराणसी एयरपोर्ट से लगातार दिल्ली के लिए प्रस्थान कर रहे हैं।

प्रदेश कार्यालय की सूचना पर रद्द हुई पदयात्रा
वाराणसी में समाजवादी पार्टी के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा द्वारा बताया गया कि वाराणसी महानगर की कैंट विधानसभा, उत्तरी विधानसभा और दक्षिणी विधानसभा में शनिवार और रविवार को देश बचाओ देश बनाओ समाजवादी पर यात्रा निकाली जानी थी। पदयात्रा की तैयारी कर ली गई थी लेकिन प्रदेश कार्यालय की सूचना पर यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश कार्यालय द्वारा बताया गया है कि अगले निर्देश तक यह पद यात्रा स्थगित रहेगी।

पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता हैं चिंतित
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य अभी भी ठीक नहीं हुआ है, हालत चिंताजनक बताई जा रही है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता काफी चिंतित हैं और मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य की प्रार्थना कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में समाजवादी पार्टी द्वारा पदयात्रा निकाला जाना या फिर पार्टी द्वारा कोई भी अन्य कार्यक्रम किया जाना उचित नहीं था। नेताओं ने कहा कि पार्टी के प्रदेश कार्यालय द्वारा यह उचित निर्णय लिया गया है।

कई वरिष्ठ नेता हवाई जहाज से दिल्ली कर चुके हैं प्रस्थान
मुलायम सिंह यादव के अस्वस्थ होने के बाद से ही वाराणसी समेत पूर्वांचल के दिग्गज सपा नेता गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल जा रहे हैं। अब तक दर्जनों समाजवादी नेता वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से विमान द्वारा दिल्ली प्रस्थान कर चुके हैं। अभी भी नेताओं के प्रस्थान का सिलसिला कम नहीं हुआ है, रोजना समाजवादी नेता और कार्यकर्ता एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करते देखे जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications