कोचिंग से पढ़ाई करके घर लौट रहे छात्रों के अपहरण का प्रयास‚ पुलिस कर रही जांच
वाराणसी में कोचिंग से पढ़ाई कर अपने घर लौट रहे छात्रों का बदमाशों ने किया अपहरण का प्रयास
वाराणसी, 10 जुलाई : चोलापुर थाना क्षेत्र के भोपापुर गांव में वैन सवार चार बदमाशों द्वारा कोचिंग से वापस लौट रहे छात्रों के अपहरण का प्रयास किया गया। बच्चों द्वारा शोर मचाने पर वैन सवार बदमाश भाग निकले। इस मामले में भोपापुर के ग्राम प्रधान द्वारा चोलापुर पुलिस से लिखित शिकायत की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

दर्जनभर बच्चे कोचिंग से लौट रहे थे घर
भोपापुर गांव के प्रधान विजय ने बताया कि पंचायत भवन पर निशुल्क कोचिंग पढ़ाया जाता है। जिसमें गांव के गरीब और कमजोर घरों के छोटे बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं। शनिवार सायं काल करीब दर्जनभर बच्चे कोचिंग पढ़ने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। वे रास्ते में पहुंचे उसी समय काले रंग की वैन में सवार 4 लोग वहां रुके और बच्चों को टॉफी देने लगे। बच्चों ने टॉफी लेने से मना कर दिया इसके बाद लोग बच्चों को पकड़ने लगे। जिसपर बच्चे शोर मचाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भागे दौड़े वहां पहुंचे तब तक वैन सवार लोग वैन में बैठकर फरार हो गए थे। लोगों ने तत्काल 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दिया।
ग्रामीणों में बना भय का माहौल
कोचिंग में पढ़ाई करने के बाद वापस लौट रहे छात्रों के घर वालों को जब पता चला तो वह काफी भयभीत हो गए। वहीं इस घटना से कोचिंग में पढ़ाई करने वाले बच्चे भी काफी डर गए हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि ग्राम प्रधान द्वारा शिकायत किया गया है। घटना की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- देवशयनी एकादशी पर सीएम योगी का Tweet- 'सम्पूर्ण सृष्टि का कल्याण हो'












Click it and Unblock the Notifications