विग के नीचे सिर से चिपका रखा था 33 लाख का सोना, एयरपोर्ट पर यूं पकड़ा गया शख्स, देखिए VIDEO
वाराणसी, 21 फरवरी: सोने की तस्करी के लिए लोग नए-नए अजीबोगरीब तरीके अपनाते हैं, बावजूद इसके वह कस्टम विभाग की नजरों से नहीं बच पाते हैं। शनिवार को ऐसा ही एक मामला वाराणसी एयरपोर्ट से सामने आया है। शख्स ने कस्टम की नजरों से बचने के लिए सोने को ऐसी जगह छिपाया था, जिसे पकड़ पाना बहुत मुश्किल था, लेकिन एयरपोर्ट पर कस्टम के अधिकारियों ने उसे भी पकड़ लिया। सोने की तस्करी का अनोखा तरीका देख विभाग के अधिकारी भी हैरान रह गए।
Recommended Video

विग के नीचे सिर से चिपका था 33 लाख का सोना
आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कुसुमहरा रियाज शनिवार को एयर इंडिया की फ्लाइट से शारजाह से लौटा था। एयरपोर्ट पर स्कैनिंग हुई तो उसके सिर के ऊपरी हिस्से में सोना छिपाए जाने की जानकारी मिली। पहले तो कुछ समझ नहीं आया। सिर पर बाल होने की वजह से कस्टम विभाग की टीम को कई बार जांच करनी पड़ी। अंत में पता चला कि सिर के बीच में वह नकली बाल (विग) लगाए है। कस्टम टीम ने विग को सिर से निकाला तो नीचे काली पालीथिन में सोने का 646.500 ग्राम पेस्ट मिला। बरामद सोने की कीमत 32.97 लाख बताई जा रही है।

कस्टम विभाग की सतर्कता से पकड़ा गया सोना
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर चार दिनों में अवैध तरीके से लाया जा रहा 70 लाख रुपए का सोना पकड़े जाने के बाद कस्टम विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में शनिवार को शारजाह से आए दो यात्रियों के पास से कस्टम विभाग की टीम ने 45.11 लाख रुपए का सोना पकड़ा।

हैरान करने वाला है वीडियो
कस्टम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान से शारजाह से आए यात्रियों की जांच की जा रही थी। इन यात्रियों में से एक ने सोना अपने विग के नीचे एक थैली में छिपाया था। अधिकारी ने कहा कि विग के अंदर से सोना बरामद हुआ। इसका वीडियो भी बनाया गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अधिकारी शख्स की विग हटाते हैं, जिसके नीचे से काले पैकेट में सोना सिर से चिपकाकर रखा गया था।

कार्टन में टेप से चिपकाकर रखा गया था 12 लाख का सोना
इसके पहले बुधवार को भी शारजाह से आए आजमगढ़ के जहानागंज थाना अंतर्गत बड़हलगंज निवासी सेराजुद्दीन के पास से कस्टम विभाग ने 23 लाख 94 हजार 712 रुपए का सोना पकड़ा था। बता दें, बिहार के पश्चिमी चंपारण का रहने वाला रुदल भी शारजाह से कार्टन में कुछ सामान लेकर लौट रहा था। स्कैनिंग में कार्टन में सोना होने की जानकारी हुई। अधिकारियों ने जांच की तो पता चला कि कार्टन के निचले हिस्से से 238.200 ग्राम सोना रखा गया है। कार्टन के निचले हिस्से में सोना रखकर टेप से चिपकाया गया था। रुदल के पास से बरामद सोने की कीमत 12.14 लाख बताई गई। दोनों यात्रियों के पास से सोना बरामद करने के बाद कस्टम टीम लिखा-पढ़ी के साथ पूछताछ करती रही।












Click it and Unblock the Notifications