यूपी: अपना दल की नाराजगी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने क्या कहा?
Varanasi News,(वाराणसी)। यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने अपना दल की नाराजगी पर विराम लगाते हुए कहा कि हमारे सभी सहयोगी हमारे साथ है और किसी को कोई नाराजगी नहीं है। अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल के द्वारा बीजेपी द्वारा सम्मान नहीं दिए जाने पर महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि अपना दल के नेताओं के साथ हमारा सौहार्दपूर्ण संबंध है और यह संबंध आगे भी बना रहेगा। हम सभी एक साथ मिलकर काम करेंगे, जहां तक आशीष पटेल जी का कहना है तो हमने आशीष पटेल को एक साथ मिलकर एमएलसी बनाया है।

दरअसल यूपी बीजेपी के अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि 29 दिसंबर को गाजीपुर में होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मनोज सिन्हा जी से बात हुई है। वह खुद अनुप्रिया पटेल को आमंत्रण देने वाले हैं। अगर किसी नेता को कोई परेशानी है तो हम लोग एक साथ बैठकर इस समस्या का समाधान करेंगे।

वहीं सपा-बसपा के द्वारा बिहार के तर्ज पर सीटों को लेकर बटवारा किए जाने और गठबंधन तैयार किए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी को अभी बहुत सारे फॉर्मूला बीजेपी सिखाने वाली है। अखिलेश यादव और मायावती को बहुत सारी ट्रेनिंग लेनी है। अमित शाह के नेतृत्व में हम अच्छा काम कर रहे हैं और 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हमारी दोबारा सरकार आएगी। आपको बता दे कि 29 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गाजीपुर और वाराणसी में दौरा होना है और इस दौरे पर पीएम मोदी वाराणसी को 200 करोड़ से ज्यादा का तोहफा देने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications