ज्ञानवापी मस्जिद सर्वे: मुस्लिम पक्ष ने की कमिश्नर को बदलने की मांग, लगाया पक्षपात का आरोप
वाराणसी, 07 मई: काशी विश्वनाथ धाम-ज्ञानवापी मस्जिद में शुक्रवार (06 मई) को सर्वे हुआ, जो आज भी जारी रहा। बता दें कि सर्वे के लिए जब यहां प्रशासनिक टीम पहुंची तो जमकर नारेबाजी हुई। सर्वे की कार्रवाई को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असुद्दीन ओवैसी ने कानून का उल्लंघन करने वाला बताया। तो वहीं, दूसरी तरफ अंजुमन इंतजामिया ससाजिद कमेटी के अधिवक्ता अभय नाथ यादव ने कोर्ट कमिश्नर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें बदलने की मांग की हैं।

कोर्ट कमिश्नर को हटाने की मांग वाला प्रार्थना पत्र जुमन इंतजामिया ससाजिद कमेटी के अधिवक्ता अभय नाथ यादव ने सिविल जज सीनियर डिविजन की कोर्ट में पेश किया है। मुस्लिम पक्ष का आरोप है कि कोर्ट कमिश्नर की और से पक्षपात किया जा रहा है। प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि कोर्ट कमिश्नर अजय कुमार मिश्रा को हटाकर माननीय न्यायालय स्वयं या उनकी जगह किसी दूसरे वरिष्ठ वकील को कमिश्नर नियुक्त करे, ताकि निष्पक्ष न्याय हो। इस मामले में कोर्ट ने सुनवाई का समय 2 बजे तय किया था।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, अगस्त 2021 में वाराणसी में स्थानीय अदालत में याचिका दायर कर मां श्रृंगार गौरी स्थल पर दैनिक दर्शन और पूजन की अनुमति मांगी गई थी। वाराणसी के सिविल जज (सीनियर डिवीजन) रवि कुमार दिवाकर की अदालत ने इस साल 26 अप्रैल को काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी मस्जिद परिसर और अन्य जगहों पर मंदिर के एडवोकेट कमिश्नर को ईद के बाद वीडियोग्राफी करने का आदेश दिया था। कोर्ट ने सर्वे और निरीक्षण के लिए अधिवक्ता अजय कुमार को नियुक्त किया था और 10 मई को अगली सुनवाई से पहले रिपोर्ट देने को कहा था।












Click it and Unblock the Notifications