वाराणसी में तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, कई घाटों का संपर्क टूटा
वाराणसी में तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, कई प्रमुख घाटों का संपर्क टूटा
वाराणसी, 22 जुलाई : वाराणसी में गंगा नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है जिसके चलते काशी गंगा किनारे के कई प्रमुख घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है। यदि इसी तरह से गंगा का जलस्तर बढ़ता रहा तो कुछ दिनों में मणिकर्णिका घाट पर स्थित शवदाह स्थल और दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती का सथान भी बदला जा सकता है। वहीं तेजी से बढ़ रहे जलस्तर के चलते काशी विश्वनाथ धाम में गंगा से सीधे दर्शन जाने हेतु भक्तों के लिए बनाया गया गंगाद्वार भी बंद किया जा सकता है। इसको लेकर भी जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों की मानें तो शुक्रवार को सुबह में 8 बजे गंगा का जलस्तर 61.6 मीटर पर था। वहीं गुरुवार सुबह 8 बजे तक यह आंकड़ा 61.14 मीटर था। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार गंगा के जलस्तर में प्रति घंटा 40 मिलीमीटर तक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। यह भी बता दें कि गंगा का खतरा बिंदु 71.262 मीटर और चेतावनी स्तर 70.262 मीटर है। तेजी से बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए घाटों पर एनडीआरएफ की तैनाती की गई है और बाढ़ राहत दल को भी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस आयुक्त ने बैठक कर दिया निर्देश
आज दोपहर में पुलिस आयुक्त वाराणसी ए सतीश गणेश ने पीएसी के कंपनी कमांडर, सहायक सेनानायक और 34 वीं वाहिनी के सेनानायक के साथ एक बैठक किया। बैठक में जहां पीएसी के जवानों के व्यवस्थापन संबंधी समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया। वहीं सावन माह को देखते हुए आगामी त्योहारों और गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि बाढ़ राहत दल सतर्कता से तैनात रहे।
सूर्यास्त के बाद गंगा में नाव संचालन पर रोक
बताया जा रहा है कि पहाड़ी इलाकों में बारिश होने के चलते गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ाव हो रहा है। बुधवार और गुरुवार को मैदानी इलाकों में भी मूसलाधार बरसात हुई थी। अनुमान है कि इसी के चलते गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सूर्यास्त के बाद गंगा नदी में नावों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में वाराणसी आने वाले पर्यटक जबतक गंगा के बढ़ते जलस्तर में जबतक कमी नहीं होती है तबतक सायं काल गंगा नदी में नाव पर बैठकर गंगा आरती व घाटों का सैर नहीं कर पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications