मणिकर्णिका घाट पर लकड़ी की दुकान में रखी लकड़ियों में लगी आग, 2 घंटे बाद पाया गया काबू
वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर लकड़ी की एक दुकान में रखी लकड़ियों में लगी आग, 2 घंटे बाद पाया गया काबू
वाराणसी, 14 जुलाई : वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर स्थित एक लकड़ी की दुकान में रखी लकड़ियों में आज सायं काल संदिग्ध हाल में आग लग गई। लकड़ियां धू-धू करके जलने लगी जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर कर्मियों ने वहां से कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दो घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। एक तरफ मणिकर्णिका घाट पर चिताएं जल रही थी तो दूसरी तरफ घाट के समीप स्थित दुकान में लकड़ियां जल रही थी, जिससे वहां पर मौजूद लोग काफी परेशान नजर आए।

दुकान में रखी थी 400 क्विंटल लकड़ियां
ब्रह्मनाल के रहने वाले संजय साव की मणिकर्णिका घाट पर लकड़ी की दुकान है। दुकान में लगभग 400 क्विंटल लकड़ियां रखी गई थी। उन्हीं लकड़ियों में आज सायंकाल संदिग्ध हाल में आग लग गयी। आग लगने के बाद पहले लोग खुद से बुझाने का प्रयास किये लेकिन सफल नहीं हुए। उसके बाद लोगों ने पुलिस को सुचना दिया। इंस्पेक्टर चौक शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। वहां पर मौजूद लोगों को दुकान के ऊपर चिमनी वाले शवदाह स्थल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि लकड़ियां जल गई है। उन्होंने बताया कि शाम 7 बजे आग पर काबू पा लिया गया और बची हुई लकड़ियों को वहां से हटाया दिया गया।
संकरी गली होने के चलते नहीं पहुंचे बड़े वाहन
मणिकर्णिका घाट पर जाने के लिए गलियां काफी संकरी हैं। जिसके चलते वहां पर फायर ब्रिगेड के बड़े वाहन नहीं पहुंच पाए। यही कारण था कि आग बुझाने के लिये मोटर साईकिल से चलने वाले फायर फाइटर्स सूचना मिलने के बाद वहां पहुंचे और दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाए। आग कैसे लगी इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि आग बुझाने के बाद लोग राहत की सांस ले रहे हैं।
ये भी देखें- सीएम ने कोटेदारों को दी सौगात,कहा- उत्तर प्रदेश की खाद्यान वितरण व्यवस्था पूरे देश में बेहतरीन












Click it and Unblock the Notifications