काशी विश्वनाथ गर्भगृह में मारपीट मामले में चौक पुलिस जांच में जुटी
काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में हुए मारपीट के मामले में दोनों पक्षों से पुलिस कर रही पूछताछ
वाराणसी, 24 जुलाई : काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में दर्शन करने के दौरान दर्शनार्थी और सेवादारों में मारपीट हो गई। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में मंदिर के सेवादारों और दर्शनार्थियों के बीच मारपीट होता दिखाई दे रहा है। वहीं मारपीट के बाद इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई है। इस मामले में चौक थानाध्यक्ष ने बताया कि आज शाम दोनों पक्षों से पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी। मंदिर में सीसीटीवी फुटेज को आधार मानकर दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी।

दर्शनार्थियों पर जबरन प्रवेश करने का आरोप
मंदिर से जुड़े लोगों का कहना है कि शनिवार की रात में सप्तर्षि आरती की जाने वाली थी। आरती के समय दर्शनार्थियों का प्रवेश रोक दिया जाता है और मंदिर का कपाट बंद कर दिया जाता है। शनिवार को रात में सप्तर्षि आरती के लिए कपाट बंद करते समय दो दर्शनार्थी जबरन गर्भगृह में प्रवेश कर गए। दोनों दर्शनार्थियों को सेवादारों द्वारा मना किया गया, इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई फिर हाथापाई होने लगी। सेवादारों का आरोप है कि दोनों दर्शनार्थी खुद उनसे मारपीट करने लगे, जिसके बाद उनको गर्भगृह से बाहर कर दिया गया। वहीं दर्शनार्थियों का कहना है कि सेवादारों द्वारा उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की गई।
पुलिस बनी रही मूक दर्शक
सेवादारों ने बताया कि मारपीट के दौरान वहां पर चौक थाने के पुलिसकर्मी मौजूद थे लेकिन उन्होंने कोई सहयोग नहीं किया। इस बारे में सेवादारों द्वारा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ सुनील वर्मा को पत्र लिखकर बदसलूकी और मारपीट की शिकायत की गई है। वहीं दर्शनार्थियों द्वारा चौक थाने पहुंचकर सेवादारों के खिलाफ मारपीट करने और गाली गलौज देने से संबंधित लिखित शिकायत की गई है। मंदिर प्रशासन और पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच किया जा रहा है जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications