Odisha Train Accident: काशी में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध, कांग्रेस नेताओं ने उठाए कई सवाल
Odisha Train Accident में मरने वाले अज्ञात लोगों की आत्मा की शांति के लिए वाराणसी के पिशाचमोचन कुंड पर कांग्रेस के नेताओं द्वारा श्राद्धकर्म का आयोजन किया गया। कांग्रेस नेता बोले- रेल मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।

Odisha Train Accident: बालासोर में हुए ट्रेन हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए रविवार को वाराणसी के पिशाच मोचन कुंड पर कांग्रेस के नेताओं द्वारा पाठ एवं श्राद्ध कर्म किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लापरवाह लोगों पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।
श्राद्ध कर्म में 100 अधिक की संख्या में वाराणसी के रहने वाले कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हवन पूजन किया और घटना में मृत अज्ञात लोगों की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की।
कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि ट्रेनों में कवच सिस्टम लगाने के लिए मार्केटिंग की गई। असलियत में बालासोर में जो घटना है उसे सभी लोगों ने देखा। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने इस्तीफा नहीं दिया है ऐसे में दुर्घटना की जांच प्रभावित हो सकती है।
अजय राय ने कहा कि अभी तक इस घटना में शामिल कई लोगों के शव बरामद नहीं हो सके हैं और उनके बारे में कोई जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। ऐसे में इस दुर्घटना में मरने वाले अज्ञात लोगों की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध कर्म किया गया।
अजय राय ने यह भी कहा कि रेल मंत्री कवच सिस्टम लेकर आए थे और बोले थे कि ट्रेनों का आमने सामने टक्कर अब नहीं होगा। लेकिन कवच सिस्टम की केवल मार्केटिंग की गई। कहा कि जब तक इस घटना की जांच नहीं हो जाती तब तक रेल मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।
यदि वह रेल मंत्री रहेंगे और जांच होगी तो जांच जरूर प्रभावित हो सकती है क्योंकि रेल मंत्री खुद इसमें शामिल हैं। उन्होंने मांग किया कि इस मामले की जांच रेलवे से इतर सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की कमेटी द्वारा इस घटना की जांच की जानी चाहिए, जिससे देश की जनता इस घटना की सच्चाई को जान सके।












Click it and Unblock the Notifications