UP News: अब बेरोजगारी खत्म! इस सरकारी स्कीम से बदल सकती है आपकी किस्मत, बिना गारंटी मिलेगा लोन
UP News: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किया गया मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान केवल एक योजना नहीं, बल्कि एक व्यापक अभियान है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा, जिससे वे अपना खुद का व्यवसाय शुरू कर सकें।
शनिवार को वाराणसी के बड़ा लालपुर स्थित पं. दीनदयाल हस्तकला संकुल सभागार में वाराणसी एवं आजमगढ़ मंडल का संयुक्त वृहद ऋण वितरण शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान ने योजना के महत्व को रेखांकित किया और युवाओं को अधिक से अधिक इस अभियान का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस योजना के तहत अगले 10 वर्षों तक हर साल 1 लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 24 जनवरी 2025 को यूपी दिवस के अवसर पर इस अभियान का शुभारंभ किया था।
अब तक 9000 से अधिक आवेदन विभिन्न बैंक शाखाओं को भेजे गए, जिनमें से 2100 लाभार्थियों के लिए 821 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए और लगभग 700 लाभार्थियों को 300 लाख रुपये के ऋण वितरित किए जा चुके हैं। यह प्रगति दर्शाती है कि सरकार इस योजना को पूरी गंभीरता से लागू कर रही है।
बैंकों और उद्योग विभाग को दी गई जिम्मेदारी
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश, जो विश्व का दूसरा सबसे बड़ा टेक्सटाइल उत्पादक देश है, वर्तमान में चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में वाराणसी और उत्तर प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।
अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखकर बनाई गई योजना
उत्तर प्रदेश के आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना भारतीय अर्थव्यवस्था की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम में विधायक सैयदराजा सुशील सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ युवाओं को मिल रहा है, जिससे सूक्ष्म उद्योगों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, विधायक चकिया आचार्य कैलाश नाथ खरवार ने योजना को युवाओं के आर्थिक उत्थान में सहायक बताया।
बैंकों और उद्योग जगत ने लगाया स्टॉल
इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी बैंक सहित कुल 9 प्रमुख बैंकों और उद्योग जगत के विभिन्न संगठनों ने स्टॉल लगाए। इसके अलावा, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया और मऊ के कुल 20 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए।
टूलकिट वितरण और प्रमाण पत्र भी दिए गए
कार्यक्रम में "एक जनपद, एक उत्पाद" प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के तहत सिल्क उत्पाद, वुडेन लेकरवेयर और गुलाबी मीनाकारी के तीन लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई। साथ ही, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और अनुसूचित जाति/जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग प्रशिक्षण योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।












Click it and Unblock the Notifications