वाराणसी से BJP के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आगाज, सीएम योगी ने कही ये बातें
वाराणसी, 05 सितंबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वाराणसी में प्रबुद्ध सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि देश में 1947 से सरकारें चली आ रही हैं, लेकिन सरकार का विकास का विजन तय नहीं हो पाता था, अपने एक संकीर्ण एजेंडे के साथ सरकारें आती-जाती थीं। एक नेतृत्व वो था जिसने आजादी के तत्काल बाद सोमनाथ मंदिर के कार्य के शुभारंभ का विरोध किया था और एक नेतृत्व आज है जो अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण कार्य के लिए प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित होकर 5 सदी के इंतजार को दूर कर गौरव की अनुभूति कर रहा है।

काशी की धरती को नमन करता हूं: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने 5 सितंबर से प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आगाज किया है। सीएम योगी ने रविवार को वाराणसी में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि काशी की धरती को नमन करता हूं। शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सीएम योगी ने कहा कि शिक्षक दिवस को हम डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के स्मृति दिवस के रूप में मनाते हैं। काशी की धरती से भी डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का संबंध रहा है।
'जन्म से लेकर अंतिम यात्रा तक हर क्षेत्र में नया उदाहरण प्रस्तुत करती है काशी'
सीएम योगी ने आगे कहा, काशी जन्म से लेकर अंतिम यात्रा तक हर क्षेत्र में नया उदाहरण प्रस्तुत करती है। विकास के क्षेत्र में काशी ने जो प्रतिमान स्थापित किए हैं, उसी लेकर हम प्रदेश के अन्य-अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। सीएम ने कहा कि शासन की मंशा क्या है ये उसकी नियति से पता चल जाता है। बता दें, सीएम योगी ने इससे पहले सर्किट हाउस में जिले में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, कोविड प्रबंधन एवं स्वच्छता अभियान की समीक्षा की। सीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संक्रामक रोगों के बचाव के लिए सैनिटाइजेशन और फॉगिंग का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications