ओपी राजभर के लिए घोसी सीट रखी है, उनसे अपील है कि वह मिलकर चुनाव लड़ें: महेंद्र नाथ पांडेय
Varanasi news, वाराणसी। ओमप्रकाश राजभर के यूपी में 39 सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि ओमप्रकाश हमारे विधानसभा में सहयोगी हैं और कैबिनेट में मंत्री हैं, इसके अलावा उनके कुछ लोगों को हमने राज्यमंत्री का दर्जा भी दिया है। यही नहीं ओम प्रकाश राजभर के लिए घोसी सीट रखी है, उनसे अपील है की वह मिलकर चुनाव लड़ें। सुभासपा की ताकतों का बीजेपी के साथ मिलकर सदुपयोग करें।

महेंद्र नाथ पांडेय ने राजभर को दी सलाह
राजभर को मनाने की बात पर महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि राजनीति में संभावना और समाधान कभी भी हो सकता है। कई उदाहरण हैं मोहनलालगंज में भी पिछले चुनाव में हमारे एक सहयोगी हमारे सिम्बल पर चुनाव न लड़कर निर्दल लड़े और हार गए। ऐसे में मेरी सलाह है कि ओमप्रकाश राजभर घोसी लोकसभा से बीजेपी के सिंबल पर चुनाव लड़ें, जिससे उन्हें 50 हजार से लेकर 70 हजार वोट अधिक मिलेंगे और हम दोनों की पार्टी चुनाव जीत जाएगी।
ये भी पढ़ें: वाराणसी लोकसभा चुनाव की विस्तृत कवरेज

राजभर ने 39 लोकसभा सीटों पर उतारे उम्मीदवार
बता दें, ओमप्रकाश राजभर ने 39 लोकसभा सीटों पर अपने पार्टी के उम्मीदवारों की घोषणा कर बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से भी पीएम के खिलाफ अपने प्रत्याशी की घोषणा की है। प्रदेश के महासचिव शशि प्रताप सिंह ने बताया कि रोहनियां विधानसभा के एक गांव के 10 सालों तक ग्राम प्रधान रहे सुरेंद्र राजभर को उम्मीदवार बनाया गया है।

चंदौली से बीजेपी के उम्मीदवार हैं महेंद्र नाथ पांडेय
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय इस दिनों वाराणसी में है। दरसअल, पार्टी की ओर से चंदौली से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद महेंद्र नाथ पांडेय पूरे दिन अपने संसदीय क्षेत्र में जनसम्पर्क कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी में अपने आवास पर पार्टी की जीत के लिए लोगों से मुलाकात भी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications