कंगना रनौत के '2014 में आजादी' बयान पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी बोले- किस परिप्रेक्ष्य में कहा, मालूम नहीं
वाराणासी, 13 नवंबर। सांसद और प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी शनिवार को वाराणसी में अखिल भारतीय राजभाषा कार्यक्रम में मौजूद रहे। यहां पत्रकारों से बात करते हुए मनोज तिवारी ने फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के 2014 में भारत की असली आजादी बयान पर कहा कि उन्होंने किस परिप्रेक्ष्य में कहा है यह मालूम नहीं, अभी उनसे मेरी बात नहीं हुई है। साथ ही यह भी कहा कि भारत की आजादी को नीचा दिखाने का हक किसी को नहीं है। मनोज तिवारी से राहुल गांधी और राशिद अल्वी से जुड़े सवाल शुरू हुए तो वे विपक्ष पर जमकर बरसे।

वही कंगना रनौत के बयान के सवाल पर मनोज तिवारी ने बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने किस परिप्रेक्ष्य में क्या कहा अभी हमारी उनसे बात नहीं हुई है। कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव है, जब भारत आजाद हुआ उसको किसी को भी दागदार करने और नीचा दिखाने का हक नहीं होना चाहिए। नई बातें करना अच्छी बात है, नरेंद्र मोदी जी के आने के बाद द गार्डियन ने भी लिखा एक नया भारत शुरू हुआ है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं हो सकता कि हम अपने स्वाधीनता के इस महोत्सव को कम करके देखें, उसको गौरव से सभी को देखना चाहिए। राहुल गांधी के हिंदू और हिंदुत्व पर दिए गए बयान पर मनोज तिवारी ने कहा कि जो लोग केवल चुनाव में हिंदू और हिंदुत्व दिखाते हैं उनके लिए तो अलग-अलग होगा ही। उनके लिए दिखाने का अलग है और अंदर रखने वाला अलग है। यह हमको पता है कि राहुल गांधी के लिए हिंदुत्व दो तरीके का है। एक चुनाव में दिखाने वाला और एक अंदर देश को नुकसान पहुंचाने वाला।
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी के जय श्री राम का नारा लगाकर देश को गुमराह करने वाले लोगों को राक्षस कहे जाने पर कांग्रेस पर सवाल खड़ा करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि रावण के दल में कभी भी जय श्री राम का नारा नहीं लगता था। तो हमें यह चुनौती के रूप में लेना है भारत में ऐसी प्रवृत्ति के लोग हैं जो भारत की संस्कृति, भारत की सभ्यताओं का, भारत के मान मर्यादा का, वह लोग विरोध करते हैं। लेकिन अब उनसे भारत रुकने वाला नहीं। जो जय श्री राम की मर्यादा के विरुद्ध जाते हैं, वह स्वयं ही देश में अलग-थलग हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications