वाराणसी : अनैतिक काम करने वालों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई- भूपेंद्र चौधरी
भारतीय जनता पार्टी के यूपी के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी शुक्रवार को वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में भी दर्शन पूजन किए। इस दौरान उन्होंने मदरसों के सर्वे, भारतीय जनता पार्टी संगठन सहित कई महत्व
वाराणसी, 02, सितंबर : भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे हुए हैं। शुक्रवार को वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन किए। इस दौरान उनके साथ भाजपा के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। दर्शन पूजन करने के बाद काशी विश्वनाथ धाम से निकलते समय उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत की। बातचीत के दौरान वे मदरसों के सर्वे, भारतीय जनता पार्टी संगठन सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दिए। गैर मान्यता प्राप्त मदरसों की जांच कराए जाने के मामले में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अनैतिक काम करने वालों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी द्वारा कार्यवाही की जा रही है और आगे भी कार्रवाई की जाती रहेगी।

पूर्वांचल में संगठन को मजबूत करने का प्रयास
मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पूरब से लेकर पश्चिम तक के लोग प्रधानमंत्री से बहुत प्यार करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक और अहमदाबाद से लेकर नागालैंड तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। कहीं पार्टी सरकार में है तो कहीं मुख्य विपक्षी पार्टी के तौर पर भारतीय जनता पार्टी मजबूत स्थिति में है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वांचल और वाराणसी में नए सिरे से संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। संगठन द्वारा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने पर उन्होंने कहा कि संगठन ने मेरे ऊपर भरोसा जताया है यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। पार्टी द्वारा जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार काशी में आया हूं। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अपेक्षाओं को पूरा करूंगा।

गुरुवार को रात्रि में पहुंचे वाराणसी
प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद भूपेंद्र सिंह चौधरी पहली बार वाराणसी पहुंचे हैं। गुरुवार को रात्रि में इंडिगो एयरलाइंस के विमान से वे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। हवाई अड्डे पर पहले से ही मौजूद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। एयरपोर्ट के साथ ही वाराणसी बाबतपुर फोरलेन पर भी जगह-जगह पार्टी नेताओं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। रात्रि में वे वाराणसी में रुके रहे और शुक्रवार सुबह में 9 बजे से काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। काशी विश्वनाथ मंदिर के अलावा बाबा काल भैरव मंदिर में भी वे दर्शन पूजन किये।
पार्टी नेताओं संग करेंगे बैठक, संगठन की मजबूती पर विचार
शुक्रवार को वे रोहनियां में स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं संग बैठक करेंगे। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर विचार विमर्श करेंगे। रोहनिया स्थित कार्यालय में बैठक करने के पश्चात वे सायं काल रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में पहुंचेंगे जहां पर 'देखो हमरी काशी' नामक पुस्तक के विमोचन समारोह में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आने वाले हैं और उनके हाथों से ही पुस्तक का विमोचन किया जाना है।












Click it and Unblock the Notifications