वाराणसी भगदड़ : बाबा जयगुरुदेव कार्यक्रम से जुड़े हादसे में पांच पुलिस अधिकारी निलंबित
वाराणसी। शुक्रवार को बाबा जयगुरुदेव के प्रमुख शिष्य पंकज महाराज की ओर से काशी नगरी में कराए गए कार्यक्रम में भगदड़ मचने से हुए हादसे को लेकर पुलिस अधिकारियों पर कड़ा 'एक्शन' लिया गया है।

भगदड़ मचने से हुई थी 24 की मौत
वाराणसी के एसपी समेत कुल पांच पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड करने की खबर है। आपको बता दें कि शुक्रवार को बाबा जय गुरुदेव के परम शिष्य पंकज महाराज की तरफ से धार्मिक जुलूस निकालते वक्त राजघाट पुल पर भगदड़ मच गई। इसमें कुल 24 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इनमें से कई घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
यूपी डीजीपी ने ट्वीट कर दी जानकारी
इस मामले पर उत्तर प्रदेश के डीजीपी ने ट्वीट करते हुए इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि पुलिसकर्मियों की नाकामी की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ है।

इन पांच पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है :
- वाराणसी के एसपी सिटी
- एसपी ट्रैफिक
- सीओ कोतवाली वाराणसी
- थाना इनचार्ज (रामनगर और मुगलसराय)
पीएम मोदी और सीएम अखिलेश ने किया मुआवजे का ऐलान
इस हादसे में मरने वालों को उत्तर प्रदेश सरकार ने दो लाख और घायलों कों 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। जबकि भारत के प्रधानमंत्री और वाराणसी से सांसद नरेंद्र मोदी ने मृतकों के लिए 2 लाख रुपए और घायलों के लिए 50 हजार रुपए का ऐलान किया है। इस मामले में प्रदेश सरकार की नाकामी पर विपक्ष ने हमला बोला है।












Click it and Unblock the Notifications