नौकरी की तलाश में विदेश गया और लेकर लौटा 1.21 करोड़ का सोना, एयरपोर्ट पर पकड़ा गया
वाराणसी एयरपोर्ट पर शारजाह से आये एक विमान यात्री के पास से कस्टम टीम ने बरामद किया 1.21 करोड़ का सोना
वाराणसी, 22 जुलाई : वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शारजाह से आए एक यात्री के पास से कस्टम टीम ने 1.21 करोड़ का सोना बरामद किया है। यात्री सोने के बिस्किट लेकर विमान द्वारा शारजाह से वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा था, जहां जांच के दौरान कस्टम टीम ने उसके पास से सोना बरामद करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। पकड़े गये यात्री ने अधिकारियों को बताया कि वह शारजाह में नौकरी की तलाश में गया था और दो माह तक वहां रहने के बाद उसे कहीं नौकरी नहीं मिली तो वहां से वह वापस लौट रहा था।

पैंट में बेल्ट के अंदर छुपाया था सोना
अधिकारियों ने बताया कि बिहार के पश्चिम चंपारण का रहने वाला अब्दुल रहमान अंसारी नामक यात्री गुरुवार की रात साढ़े नौ बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान आईएक्स 184 से वाराणसी एयरपोर्ट पर आया। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मुख्य टर्मिनल में जब वह प्रवेश किया और पंक्ति में उससे पहले खड़े यात्रियों की कस्टम टीम द्वारा की जा रही जांच को देखकर उसे पसीना आने लगा। इसी के चलते अधिकारियों को उस पर शक हुआ और यात्रियों की प्रोफाइलिंग के दौरान ही कस्टम टीम ने उसे पकड़ लिया। बाद में जब उसकी जांच की गई तो उसके पैंट की जेब तथा बेल्ट के अंदर से पैंट में सिलाई करके काले रंग की टेप में लपेट कर रखे गए 2332.800 ग्राम के सोने के 21 बिस्किट बरामद हुए। बरामद किए गए सोने के बिस्किट 99.9% शुद्ध पाए गये और उन पर एजीआर, दुबई का मुहर लगा था।

नौकरी की तलाश में गया था शारजाह
पकड़े गए यात्री के पास मिले दस्तावेजों की जांच करने पर पता चला कि वह इसी साल 26 मई को शारजाह गया था। अधिकारियों द्वारा पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसे उसके साथियों से पता चला था कि विदेश में नौकरी करने पर अच्छा वेतन मिलता है, जिसके लिये वह वहां गया था लेकिन नौकरी नहीं मिली जिसके चलते वह लौट रहा था। अधिकारियों को उसके द्वारा बताई गई बातों पर भी संदेह है। ऐसे में कस्टम टीम द्वारा उससे जुड़ी अन्य जानकारियां भी एकत्र की जा रही हैं। हालांकि जांच पड़ताल करने के बाद कस्टम टीम द्वारा उसे न्यायालय में पेश किया गया।

दो दिन लगातार पकड़ा गया सोना
कोरोना काल के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब कस्टम टीम द्वारा लगातार दो दिन सोना बरामद किया गया है। बुधवार को भी बरेली से आए इबरार नामक यात्री के पास से कस्टम टीम ने 18 लाख से अधिक का सोना बरामद किया था। इसके पहले अप्रैल माह में पटना के रहने वाले कृष्ण कुमार और कुशीनगर के रहने वाले हरेंद्र नामक दोनों यात्रियों के जूते की सोल से कस्टम टीम ने 48 लाख से अधिक का सोना बरामद किया था।












Click it and Unblock the Notifications