Year Ender 2023: चारधाम यात्रा के इतिहास में बना पहली बार ये रिकॉर्ड, VIP दर्शन सिस्टम शुरू होने से हुए फायदे
Year Ender 2023: साल 2023 में चार धाम यात्रा ने कई कीर्तिमान बनाए हैं। इस बार गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में रिकॉर्ड यात्री पहुंचे। जिससे सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। चार धाम यात्रा के इतिहास में पहली बार 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 19.61 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। बदरीनाथ में 18,34,729, गंगोत्री में 9,05,174 जबकि यमुनोत्री में 7,35,244 और हेमकुंड साहिब में 1,77,463 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। 22 अप्रैल से 18 नवंबर तक चली चारधाम यात्रा के लिए लगभग 75 लाख तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया। इसमें केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में 56.13 लाख से अधिक ने दर्शन किए।
वर्ष 2022 में चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा में 46.29 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे। इससे पहले 2021 और 2020 में कोविड काल में चारधाम यात्रा पूर्ण रूप से संचालित नहीं हो पाई है। 2021 में 5.29 लाख और 2020 में मात्र 3.30 लाख तीर्थयात्री पहुंचे थे। वर्ष 2019 में 34.77 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा में आए थे। इस वर्ष गंगोत्री व यमुनोत्री के कपाट 22 अप्रैल, केदारनाथ के कपाट 25 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल को खोले गए थे।
इस बार उत्तराखंड सरकार ने तीर्थयात्रियों की सुविधाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम भी उठाए हैं, जिसमें चारों धामों में श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण से लेकर दर्शन तक की अलग-अलग व्यवस्था शामिल है। यात्रा के लिए अधिक संख्या में एम्बुलेंस, हेली एम्बुलेंस उपलब्ध करना और डॉक्टरों की एक विशेष टीम का गठन किया गया है। चार धाम तीर्थ स्थलों पर 50 हेल्थ ATM भी स्थापित किए गए जो तीर्थयात्रियों को मेडिसिन सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में इस वर्ष 51,696 वीआईपी और वीवीआईपी दर्शनों को पहुंचे। वीआईपी से मंदिर समिति (बीकेटीसी) को रुपये 1,55,08,800 की आय हुई। बता दें कि पहली बार बद्री केदार मंदिर समिति ने ये व्यवस्था शुरू की। इस वर्ष वीआईपी दर्शन के लिए प्रति व्यक्ति 300 रुपये निर्धारित किया था। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर बीकेटीसी ने पहली पर्ची मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की काटी थी। मुख्यमंत्री ने 300 रुपये का शुल्क चुका कर दर्शन किये थे।












Click it and Unblock the Notifications