VIDEO: उत्तरकाशी में भारी बारिश से सामने आया तबाही का मंजर, यमुनोत्री और बद्रीनाथ हाईवे बंद, IMD का अलर्ट
उत्तरकाशी में एक बार फिर भारी बारिश कहर बनकर आई है। यमुना घाटी में रातभर मूसलाधार बारिश के चलते तस्वीरों के जरिए तबाही का मंजर सामने आया है। पुरोला बड़कोट नौगांव मोरी क्षेत्र में भारी अतिवृष्टि हुई है।
उत्तरकाशी में एक बार फिर भारी बारिश कहर बनकर आई है। यमुना घाटी में रातभर मूसलाधार बारिश के चलते तस्वीरों के जरिए तबाही का मंजर सामने आया है। पुरोला बड़कोट नौगांव मोरी क्षेत्र में भारी अतिवृष्टि हुई है। देर रात बादल फटने और अतिवृष्टि से पुरोला, बड़कोट के नंदगांव और धौंतरी क्षेत्र में सड़क, रास्ते, पुलिया, संपर्क मार्ग, खेत,-और मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।

सबसे ज्यादा पुरोला क्षेत्र में नुकसान की खबरें हैं। जहां बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। पुरोला इलाके के छाड़ा खड में बादल फटने की आशंका है। खेतों में भू कटाव और घरों में मलबा घुसने से भारी तबाही हुई है। छाडा खंड में उफान से कई छोटी गाड़ी और बाइक बहने की खबर है। जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होने के साथ ही बिजली और पानी का संकट भी खड़ा हो गया है।
Recommended Video
यमुना नदी और नाले उफान पर हैं। यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह मलबा, बोल्डर और दलदल होने से बंद हो गया है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग धरासू बैंड और गंगनानी के पास मलबा और पत्थर आने के कारण मार्ग बाधित है। जिसके बाद उत्तरकाशी में पर्यटकों और स्थानीय लोगों सहित बड़ी संख्या में यात्री फंसे हुए हैं।
उत्तरकाशी जिले के आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि बड़कोट क्षेत्र में गंगनानी के पास भारी बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी मलबा और पत्थर आ गए हैं। बारिश के कारण कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में जलभराव की सूचना है। स्कूली बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
चमोली जिले के पास बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी मलबा गिरने के कारण तीन स्थानों पर अवरुद्ध हो गया। चमोली पुलिस के अनुसार बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदप्रयाग, बेलाकुची और पागलनाला में मलबा आने के कारण सड़क मार्ग अवरुद्ध है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले चार दिन मौसम का अलर्ट जारी हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications