Uttarakhand Weather: भीषण गर्मी से कब मिलेगी राहत, बारिश को लेकर सामने आई तारीख, जानिए मौसम अपडेट
Uttarakhand Weather update उत्तराखंड में गर्मी अपने तल्ख दिखा रही है। रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से हर कोई परेशान है। सुबह उठते ही गर्मी का प्रकोप शुरू हो जा रहा है।
ऐसे में हर कोई अब राहत का इंतजार कर रहा है। मौसम विभाग की मानें तो दो दिन बाद गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश होने से तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। हालांकि इस बीच दो दिन मैदानों में भीषण गर्मी पड़ेगी।

उत्तराखंड में गर्मी से हाल बेहाल हो रहे हैं। मसूरी, धनोल्टी समेत पर्यटकों की पसंद वाले इलाकों में पर्यटकों की भारी भीड़ जुट रही है। हालांकि इन इलाकों में भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। बारिश न होने से पर्यटक स्थल भी तप रहे हैं। मसूरी समेत सभी पर्यटक स्थल पूरी तरह से पैक नजर आ रहे हैं।
सबको अब बारिश का इंतजार है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत, नैनीताल जिले के कुछ इलाकों में 19 जून को तेज बारिश हो सकती है। जबकि अन्य जिलों में कहीं-कहीं झोंकेदार हवाओं के साथ बौछार पड़ सकती है।
जिससे मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में कुछ कमी आने से गर्म हवाओं से राहत मिलेगी। प्रदेश के मैदानी जिलों के साथ पर्वतीय जिलों में भी आज (सोमवार) गर्म हवाएं परेशान करेंगी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं गर्म हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में गर्म हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की बात करें तो बीते कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार है। रविवार को भी यहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन में चिलचिलाती गर्मी के साथ रात का न्यूनतम तापमान भी चार डिग्री इजाफे के साथ 27.9 डिग्री रहा। देहरादून में दिन रात गर्म हवाएं चलने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications