Uttarakhand weather: भारी बारिश का अलर्ट, यमुनोत्री हाईवे बाधित, सावन और चुनाव के दौरान बारिश में भी उत्साह
Uttarakhand weather today: उत्तराखंड में एक बार फिर भारी बारिश का दौर जारी है। देहरादून समेत पर्वतीय इलाकों में रुक रुक कर बारिश हो रही है। जिससे चार धाम यात्रा मार्गों पर भी बारिश और भूस्खलन से असर पड़ रहा है। यमुनोत्री हाईवे स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन के चलते बाधित हुआ है।
राज्य आपदा परिचालन केंद्र की ओर से सभी जिलों के लिए भारी बारिश को देखते हुए बाढ़ के खतरे की आंशका को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

साथ ही दो अगस्त तक बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। आने वाले दिनों की बात करें तो दो अगस्त तक प्रदेशभर में तेज दौर की बारिश होने की संभावना है। सावन के तीसरे सोमवार में आज सुबह से भक्तों का शिव मंदिरों में हुजूम उमड़ा हुआ है।
बारिश में ही शिवभक्त मंदिरों में पूजा अर्चना कर रहे हैं। बता दें कि आज प्रदेश भर में पंचायत के दूसरे चरण का मतदान भी जारी है। ऐसे में बारिश के बीच ही मतदान प्रक्रिया भी कराई जा रही है। कई लोग चुनाव के चलते एक जगह से दूसरे जगह सफर कर रहे हैं, जगह जगह बारिश के चलते भूस्खलन का डर बना हुआ है।
देहरादून की बात करें तो सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। देहरादून समेत मैदानी इलाकों में मौसम कभी बारिश तो कभी उमस हो रही है। जिससे मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। फिलहाल दो अगस्त तक मौसम ऐसे ही रहने का आसार है। रविवार को भी दिनभर हल्की बारिश होती रही। जिससे उमस से तो राहत मिली लेकिन जगह जगह जलभराव और मार्ग बाधित होने की जानकारी भी आती रही।












Click it and Unblock the Notifications