Uttarakhand weather today: भारी बारिश का अलर्ट, जानिए कहां-कब तक, देहरादून समेत तीन जिलों में स्कूल बंद
Uttarakhand weather today: उत्तराखंड में देर रात से बारिश का दौर जारी है। जिससे जगह जगह जलभराव और सड़कें बंद होने के साथ ही भूस्खलन की खबरें सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक राज्यभर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
भारी बारिश के चलते देहरादून, पौड़ी और चंपावत में आज सभी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। शासन की ओर से सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। इस बीच बारिश का चार धाम यात्रा पर भी असर पड़ रहा है।

नेशनल हाईवे जगह जगह पर बाधित हो रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से सड़कों को खोलने के प्रयास जारी है।बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी देखने को मिली। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि गढ़वाल मंडल के अधिकतर क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, गाड़-गदेरे उफान पर रह सकते हैं और भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग बाधित हो सकते हैं। ऐसे में अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम अपडेट पर नजर रखें। चमोली में छह, टिहरी में एक, उत्तरकाशी में चार, पिथौरागढ़ में छह, बागेश्वर में दो और देहरादून जिले में चार ग्रामीण सड़कें बंद हैं।
देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी कई दौर की तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो 26 जुलाई तक प्रदेशभर में हल्की बारिश होने की संभावना है। देहरादून में रविवार रात से ही भारी बारिश का क्रम जारी है। जिससे जगह जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। सावन का सोमवार होने की वजह से श्रद्धालु बारिश में ही मंदिरों में पहुंच रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications