Uttarakhand news: केदारघाटी में बादल फटने से तबाही, रुमसी गांव में मलबे में दबी गाड़ियां, मकानों में घुसा पानी
Uttarakhand Cloudburst news: उत्तराखंड में मानसून की बारिश एक बार फिर कहर बनकर आई है। रुद्रप्रयाग जिले में अतिवृष्टि से भारी तबाही हुई है। केदारघाटी के रुमसी गांव में शुक्रवार देर रात अतिवृष्टि से काफी नुकसान हुआ है। आधा दर्जन से अधिक मकानों में पानी घुसने और कई गाड़ियों के दबने की सूचना है। इलाके में काफी तबाही हुई है।
रेस्क्यू टीमें मौके ले लिए रवाना हो गई हैं। रुद्रप्रयाग के रुमसी गांव में शुक्रवार की रात करीब एक से डेढ़ बजे बादल फटने से अफरातफरी मच गई। अचानक बरसाती नाले में पानी बढ़ने से हर तरफ पानी ही पानी हो गया। बाद में अतिवृष्टि का पानी और मलबा लोगों के घरों में घुस गया और सड़कों पर खड़ी गाड़ियां मलबे में दब गए।

शनिवार सुबह मंजर देखकर हर कोई डर गया। राहत की बात ये है कि अभी तक किसी जनहानि की खबर नहीं है। रुमसी गांव के वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं जिसमें साफ देखा जा सकता है कि रात को क्या मंजर रहा होगा। हर तरफ पानी और मलबा नजर आ रहा है। घरों में मलबा घुसा हुआ है और गाड़ियों को काफी नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि कई गाड़ियां मलबे में दबी हुई हैं। गांव और उसके आसपास मलबा फैला हुआ है। इस बीच रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची हुई हैं।
शुक्रवार रात बारिश ने जमकर कहर बरपाया
रुद्रप्रयाग जिले में शुक्रवार रात बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। केदारनाथ यात्रा मार्ग के गौरीकुंड में पहाड़ी ढह गई है। इससे यात्रा पर फिलहाल ब्रेक लगा है। पहाड़ी दरकने से मलबा-पत्थर आने पर पैदल मार्ग पूरी तरह से बाधित है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है।
31 जुलाई तक तेज दौर की बारिश होने की संभावना
मौसम की बात करें तो आज भी प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। आने वाले दिनों की बात करें तो 31 जुलाई तक राज्यभर में तेज दौर की बारिश होने की संभावना है। खासकर पर्वतीय इलाकों में, इसके अलावा तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं।
केदारनाथ यात्रा बाधित
बारिश से प्रदेश में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। केदारनाथ यात्रा बाधित है तो वहीं श्रीनगर गढ़वाल में घरों के अंदर पानी घुस गया। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में तेज दौर की बारिश होने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई थी। देहरादून, चम्पावत और नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में तेज दौर की बारिश होने के आसार हैं।












Click it and Unblock the Notifications