बाबा केदार के शीतकाल प्रवास से चार धाम की शीतकालीन यात्रा शुरू, हर्षिल घाटी में बर्फबारी, आज की 10 बड़ी खबरें
बाबा केदार के शीतकालीन प्रवास स्थल, ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से चार धाम की शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ हो गया है। उधर मौसम ने करवट बदली है। हर्षिल घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। जानिए रविवार 8 दिसंबर की 10 बड़ी खबरें के बारे में
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बाबा केदार के शीतकालीन प्रवास स्थल, ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं राज्य की उन्नति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने उखीमठ में शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ करते हुए, प्रशासन द्वारा यात्रा के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को शीतकालीन यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को विकास खंड अगस्त्यमुनि के स्यालसौड़ में आयोजित कृषि, औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेले में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 47.43 करोड़ की 18 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास एवं ₹1.23 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण किया।
38वें राष्ट्रीय खेलों का देहरादून में होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम 28 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से कराया जाएगा। इसके लिए खेल विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। उसी दौरान वह खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास भी कर सकते हैं।
उत्तराखंड में आज मौसम ने करवट ली है। उत्तरकाशी जिले में बारिश और बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है। हर्षिल घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने दो दिन तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
उत्तराखंड के कर्णप्रयाग निवासी नायक संदीप कुमार राजस्थान के जैसलमेर में ट्रेनिंग के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से बलिदान दे दिया। बलिदानी नायक का पार्थिव शरीर आज उनके घर कर्णप्रयाग लाया गया। यहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ देहरादून में 10 दिसंबर को विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया जा रहा है। आक्रोश मार्च को सफल बनाने के लिए दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल ने बैठक की। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद का ऐलान किया है।
दून पुलिस द्वारा रायवाला में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल शातिर बदमाश का पीछा करते हुए हरिद्वार में मुठभेड़ हुई। जिसमें एक बदमाश घायल हुआ जबकि कार सवार तीन बदमाश में एक को गोली लगी। घायल बदमाश पूर्व में आधा दर्जन से अधिक चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं में उत्तरप्रदेश एवं देहरादून और हरिद्वार से जेल जा चुका है।
बागेश्वर गरुड़ तहसील क्षेत्र में 13 साल के नाबालिग का संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में शव मिला। बताया जा रहा है कि बच्चे ने मां से मोबाइल फोन की जिद की। मां ने मना किया तो बच्चे ने बड़ा कदम उठाया। किशोर कक्षा सात में पढ़ता था और उसकी बहन कक्षा पांच में पढ़ती है।
हल्द्वानी के मंडी चौकी क्षेत्र के एफटीआई के जंगल में छात्र की लाश मिलने का मामला तूल पकड़ रहा है। परिजन और स्थानीय लोगों ने पुलिस से छात्र की मौत को हत्या होने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने उसके दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया। छात्रा की 7 दिसंबर की शाम को मंडी चौकी क्षेत्र में जंगल के अंदर निजी विश्वविद्यालय के छात्र की लाश लटकी मिली थी।
उत्तराखंड में आने वाले निजी वाहनों पर भी ग्रीन सेस लगाने की तैयारी है। प्रदेश में अब दूसरे राज्य से आने वाले निजी वाहनों पर भी ग्रीन सेस लगाने की तैयारी चल रही है। इसके तहत इन वाहनों से 20 से लेकर 80 रुपए तक शुल्क वसूल किया जाएगा। दुपहिया इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहन, एंबुलेंस अन्य आवश्यक सेवाओं में लगे वाहन इस दायरे से बाहर रखे जाएंगे। परिवहन विभाग इसकी तैयारी में जुटा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications