Uttarakhand weather today: मानसून सक्रिय, देहरादून समेत इन जिलों में अलर्ट, अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
Uttarakhand weather today: उत्तराखंड में मानसून की बारिश का असर दो दिनों में कम होता हुआ नजर आ रहा है। मंगलवार को भी अधिकतर जिलों में बारिश न होने से लोगों ने राहत ली। आज बुधवार को भी देहरादून में सुबह से ऐसा ही मौसम बना हुआ है। तेज धूप और कहीं-कहीं बादलों का डेरा है।
हालांकि मौसम विभाग ने राजधानी देहरादून समेत चार जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दो दिनों से बारिश भले ही कम हुआ है, लेकिन बीते दिनों हुई बारिश ने जमकर कहर बरपा, जिससे अभी भी कई जगह सड़कें बंद होने से स्थानीय ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग न खुल पाने से तीर्थ यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन वैकल्पिक मार्ग से यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचा रही है। इस बीच पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय होने और बारिश को लेकर एक बार फिर एडवाइजरी जारी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आज राज्य के चार पहाड़ी जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
बाकी 9 जिलों में भी मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। आज देहरादून, टिहरी गढ़वाल उत्तरकाशी और बागेश्वर के लिए अलर्ट जारी हुआ है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए अगले 5 दिनों का अलर्ट भी जारी कर दिया है। इस अलर्ट के अनुसार 7 जुलाई तक बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है।
3 जुलाई को देहरादून, टिहरी गढ़वाल और बागेश्वर, 4 जुलाई को बागेश्वर के साथ पिथौरागढ़ 5 जुलाई को भी इन दो जिलों के लिए विशेष अलर्ट है। 6 जुलाई को राज्य के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट है। 7 जुलाई को इसी तरह मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। चार धाम यात्रा की बात करें तो यात्रा संचालित हो रही है। लेकिन बड़कोट क्षेत्र में सिलाई बैंड के पास बादल फटने की वजह से सड़क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से यमुनोत्री हाईवे बाधित है। जिसे खुलवाने के प्रयास में प्रशासन जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications