उत्तराखंड कांग्रेस के विधायक ने फिर की CM धामी ओर भाजपा सरकार की जमकर तारीफ,जानिए क्या कहा
उत्तराखंड कांग्रेस के विधायक हरीश धामी ने एक बार फिर भाजपा की पुष्कर धामी सरकार की जमकर तारीफ की है। हरीश धामी का कहना है कि विपक्ष का कर्तव्य है कि सरकार अगर अच्छा काम करे तो तारीफ करे और कुछ गलत हो तो घेरने का काम करे।
हरीश धामी ने राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन को लेकर सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफलतापूर्वक आयोजन राज्य के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके कुशल और सशक्त नेतृत्व में उत्तराखंड ने इस प्रतिष्ठित आयोजन को बेहतरीन ढंग से संपन्न किया। कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने कहा कि मेरी ओर से पुष्कर धामी और उनकी सरकार को इस आयोजन की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाये।
उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री से यह आग्रह करना चाहूंगा कि वह ब्लॉक स्तर पर एक मिनी स्टेडियम का निर्माण कराएं, जिससे खेल की युवा प्रतिभा को एक नई उड़ान मिल सके। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद और आशा है कि अगर मौजूदा सरकार खेल पर विशेष ध्यान दे, तो हमारे प्रदेश के युवा खेल के क्षेत्र में न केवल देश, बल्कि विदेश में भी भारत का नाम रोशन करेंगे।
हमारे प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। हमें बस उसे तराशने की जरूरत है और इस दिशा में मौजूदा सरकार को कदम बढ़ाना होगा। उन्होंने आगे कहा कि मैं मुख्यमंत्री से आग्रह करना चाहूंगा कि वे गांवों में खेल के मैदानों का निर्माण करें। ऐसा करने से युवाओं को नशे के दलदल से भी छुटकारा मिलेगा, क्योंकि मौजूदा समय में बड़ी संख्या में ऐसे युवा हैं, जो नशे की गिरफ्त में फंसे हुए हैं।
इससे उन्हें बचाने के लिए खेल एक अच्छा माध्यम साबित हो सकता है। कांग्रेस के हरीश धामी पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र से विधायक हैं। जो कि कई बार पुष्कर धामी सरकार की तारीफ कर चुके हैं। इतना ही नहीं हरीश धामी तब भी चर्चा में आए जब उन्होंने सीएम रहते पुष्कर सिंह धामी के चुनाव हारने पर खुद की सीट छोड़ने की तक पेशकश कर दी थी। हरीश धामी कई बार अपनी पार्टी के लिए भी चुनौती खड़ी कर चुके हैं। जो कि कद्दावर और तेजतर्रार नेता माने जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications