Uttarakhand सीएम धामी की नकेल, शासन ने 4 आईएएस और 2 आईपीएस अफसरों के किए तबादले, इस जिले को लेकर चर्चा
Uttarakhand पौड़ी जिले के डीएम और एसएसपी को हटा दिया
उत्तराखंड सरकार ने एक बार फिर 4 आईएएस और 2 आईपीएस अफसरों को इधर से उधर कर दिया है। लेकिन इसमें सबसे अहम पौड़ी जिले के डीएम और एसएसपी शामिल हैं। जिन्हें हटाकर बाध्य प्रतिक्षा में डाला गया है। सरकार के इस फैसले को अंकिता हत्याकांड के दौरान मानी गई लापरवाही और बस हादसे में राहत राशि में देरी को माना जा रहा है।

पौड़ी के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को हटा दिया
उत्तराखंड की धामी सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल कर सख्त कदम उठाया है। पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदांडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह को हटा दिया है। दोनों अफसरों को बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। युवा तेजतर्रार आशीष चौहान को नए डीएम और श्वेता चौबे को जिले की एसएसपी बनाया गया है। इस बदलाव को अंकिता भंडारी हत्याकांड और बस हादसे में प्रशासनिक लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि इन दोनों ही मामलों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खासे नाराज थे।
अपर सचिव कार्मिक ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को तबादला आदेश जारी किए। आदेश के मुताबिक पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष कुमार चौहान को पौड़ी का जिलाधिकारी बनाया गया है। उनकी जगह बागेश्वर की जिलाधिकारी रीना जोशी को भेजा गया है। जोशी का प्रभार आईएएस अनुराधा पाल संभालेंगी। अनुराधा पिथौरागढ़ के मुख्य विकास अधिकारी के पद पर थीं। चमोली की पुलिस कप्तान श्वेता चौबे को पौड़ी गढ़वाल का एसएसपी बनाया गया है।
बारात बस हादसे में प्रशासनिक राहत में देरी बड़ी वजह
पौड़ी के डीएम और एसएसपी को हटाने के पीछे बारात बस हादसे में प्रशासनिक राहत में देरी माना जा रहा है। बीते 5 अक्टूबर को उत्तराखंड के पौड़ी जिले में हुए भीषण बस हादसे में न केवल 33 लोगों की मौत हो गई, बल्कि कई परिवार भी तबाह हो गए।सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बस हादसे में मृतकों के आश्रितों और घायलों को तत्काल सहायता राशि देने के आदेश दिए थे। लेकिन 21 दिन बाद उन्हें सहायता राशि बांटी गई। दूसरी बड़ी वजह अंकिता भंडारी प्रकरण को माना जा रहा है। वनतारा रिजॉर्ट में बुल्डोजर चलाने को लेकर पौड़ी के जिलाधिकारी की प्रतिक्रिया से सरकार को असहज होना पड़ा था। डीएम ने रिजोर्ट पर कार्रवाई को लेकर सरकार की मुश्किलें खड़ी कर दी थी। इस पर विपक्ष को सरकार पर हमला करने का मौका मिल गया था। अंकिता हत्याकांड में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी विपक्ष जमकर हमलावर रहा है। जिससे सरकार की कई मौके पर किरकिरी भी हुई इस वजह से सरकार पर डीएम और एसएसपी को हटाने का दबाव बना हुआ था। आखिरकार सरकार ने पौड़ी जिले में नए डीएम और कप्तान भेज दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications