UKSSSC Paper Leak राहुल गांधी ने भाजपा पर कसा तंज, जानिए क्या बोला, BJP ने किया पलटवार
UKSSSC Paper Leak के मामले में अब सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने भी इस मामले में भाजपा सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। राहुल गांधी ने उत्तराखंड मामले पर एक्स पर भाजपा पर तंज कसते हुए बड़ी बात कही है।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि आज BJP का दूसरा नाम है पेपर चोर। कहा कि देशभर में बार-बार होने वाले पेपर लीक ने करोड़ों मेहनती युवाओं की ज़िंदगी और सपनों को तबाह कर दिया है। राहुल ने आगे लिखा कि उत्तराखंड का UKSSSC पेपर लीक इसका ताज़ा उदाहरण है। लाखों युवाओं ने दिन-रात मेहनत की, लेकिन BJP ने चोरी से उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।

कहा कि हम लगातार मांग कर रहे हैं कि पेपर लीक रोकने के लिए मज़बूत और पारदर्शी सिस्टम बनाया जाए। लेकिन मोदी सरकार इस पर आंखें मूंदकर बैठी है - क्योंकि उन्हें युवाओं की बेरोज़गारी की नहीं, बल्कि अपनी सत्ता की चिंता है। बेरोज़गारी आज देश की सबसे बड़ी समस्या है और यह सीधे तौर पर वोट चोरी से जुड़ी है। पेपर चोरों को पता है - अगर युवाओं को रोज़गार नहीं भी मिलेगा, तो भी वे चुनाव में वोट चोरी करके सत्ता में बने रहेंगे।
युवा सड़कों पर हैं और नारा दे रहे हैं - 'पेपर चोर, गद्दी छोड़!'यह सिर्फ़ युवाओं की नौकरी की लड़ाई नहीं है, यह न्याय और लोकतंत्र की लड़ाई है। मैं हर छात्र और युवा के साथ इस न्याय की लड़ाई में मजबूती से खड़ा हूं। राहुल गांधी के बयान पर सियासत गरमा गई है। भाजपा ने भी राहुल के बयान पर पलटवार किया है। उत्तराखंड भाजपा का कहना है कि कर्नाटक और हिमाचल में भी पहले बहुत बड़े पेपर लीक के मामले हुए हैं। इसलिए राहुल गांधी अपने राज्य (कांग्रेस शासित प्रदेश) में देखें और सुधार करें।
राहुल गांधी को उन्हें कुछ बताने की जरूरत नहीं है। भाजपा के वरिष्ठ नेता, विधायक और राज्य आंदोलनकारी विनोद चमोली ने युवा आंदोलन के पीछे कांग्रेसी षड्यंत्र का अंदेशा जताया है। उन्होंने कहा कि जो नारे वहां लगाए जा रहे हैं उनसे मिलते जुलते नारे राहुल गांधी स्वयं लगाते आए हैं और उनके बड़े स्थानीय नेता तो स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि हम ही इन नारों के जनक हैं। उसमें भी सबसे दुर्भाग्यपूर्ण कश्मीर की घाटी से शुरू हुए देश विरोधी नारों का सैन्य भूमि से लगाया जाना है।












Click it and Unblock the Notifications