चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार दे सकती है बड़ी राहत, सीएम धामी ने दिए संकेत
चारधाम यात्रा में सरकार ने श्रद्धालुओं की संख्या की है तय
देहरादून, 4 मई। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित की गई श्रद्धालुओं की संख्या पर पुर्नविचार के संकेत मिले हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि यात्रियों की संख्या बढ़ेगी तो इस पर विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी का बयान ऐसे समय में आया है जब गंगोत्री, यमुनोत्री के कपाट खुल चुके हैं और केदानाथ, बद्रीनाथ के खुलने जा रहे हैं।

प्रतिदिन दर्शन को लेकर जारी की गई है लिमिट
कोविड प्रतिबंध के 2 साल के कारण स्थानीय तीर्थ पुरोहितों और व्यापारियों को काफी नुकसान झेलना पड़ा। लेकिन इस बार जिस तरह का रिस्पांस तीर्थ यात्रियों का आ रहा है। उससे तीर्थ पुरोहित उत्साहित नजर आ रहे हैं। लेकिन राज्य सरकार के एक निर्णय से तीर्थ पुरोहित विरोध में उतर आए हैं। सरकार ने चारधाम में प्रतिदिन दर्शन करने के लिए यात्रियों की संख्या निर्धारित कर दी है। जिस पर पंडा समाज सरकार से विचार करने की मांग कर रहे हैं। राज्य सरकार ने चारधाम आने वाले यात्रियों के लिए तीर्थस्थलों पर दर्शन करने को गाइडलाइन जारी की है। जिसके हिसाब से बदरीनाथ में 15 हजार, केदारनाथ धाम में 12 हजार, गंगोत्री में सात हजार, यमुनोत्री धाम में एक दिन में चार हजार श्रद्धालुओं को दर्शन कर सकेंगे। इस संबंध में शासन ने आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था यात्रा सीजन के पहले 45 दिनों के लिए बनाई गई है।
सीएम ने इस नियम को बदलने के संकेत दिए
सरकार ने चारधामों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर की क्षमता और ठहरने की व्यवस्था के आधार पर दर्शन के लिए यात्रियों की अधिकतम संख्या तय की है। इसके साथ ही चारधाम यात्रा मार्गों पर रात 10 बजे से सुबह चार बजे तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए पर्यटन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा। यात्रा के दौरान कोविड के अनुरूप व्यवहार का पालन करना होगा। चारधाम तीर्थ पुरोहित हकहकूकधारी महापंचायत के अध्यक्ष कृष्ण कांत कोटियाल का कहना है कि सरकार जब भी चारधामों के संबंध में कोई फैसला ले तो तीर्थ पुरोहितों को उसमें जरुर शामिल करना चाहिए। इससे संवाद भी बना रहेगा और किसी तरह का विरोध भी नहीं होगा। तीर्थ पुरोहितों के विरोध का असर सरकार पर दिखने भी लगा है। कपाट खुलने के मौके पर गंगोत्री पहुंचे सीएम ने इस नियम को बदलने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही भीड़ बढ़ेगी इस पर निर्णय लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications