तो क्या चंपावत से ही चुनाव लड़ेंगे सीएम, दो दिवसीय दौरे पर दिखाया विकास का रोडमैप, विधायक ने भी जताई इच्छा
हाईकमान लेगा उप चुनाव लड़ाने को लेकर अंतिम फैसला
देहरादून,2 अप्रैल। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 6 माह में उपचुनाव जीतकर आना है। ऐसे में अभी से मुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने को लेकर कयासबाजी लगाए जा रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री के चंपावत में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद स्थानीय विधायक ने सीएम को चुनाव लड़ने का अनुरोध किया। इसके बाद एक बार फिर सीएम के चंपावत से चुनाव लड़ने की खबरों को लेकर चर्चा शुरु हो गई है। हालांकि सीएम धामी ने कहा है कि हाईकमान उप चुनाव लड़ाने को लेकर अंतिम फैसला लेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत से उपचुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है।

विधायक ने मंच से जताई फिर इच्छा
दोबारा मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद कुमाऊं में पहली बार पहुंचे धामी ने शुक्रवार को बनबसा मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया। जनसभा के मंच से मौजूदा विधायक गहतोड़ी ने कहा वह अपनी बात पर अडिग हैं। उन्होंने कहा कि सीएम धामी अगर चम्पावत सीट से चुनाव लड़ने का मन बनाते हैं, तो वह उनके लिए अपनी सीट छोड़ने में जरा भी संकोच नहीं करेंगे। सीएम धामी ने कहा कि वह विधायक गहतोड़ी का तहेदिल से आभार व्यक्त करते हैं। कहा वह विधायक के इस प्रस्ताव को हाईकमान के सामने रखेंगे। उपचुनाव लड़ने को लेकर हाईकमान ही अंतिम निर्णय लेगा। इस तरह एक बार फिर सीएम के चंपावत से चुनाव लड़ने को लेकर चर्चा शुरू हो रही है। सबसे पहले विधायकों में चंपावत से विधायक कैलाश गहतोड़ी ने ही सीएम के लिए सीट छोड़ने का एलान किया था। जिसके बाद चंपावत पहुंचने पर सीएम के चुनाव लड़ने की खबरें उठने लगी हैं। सीएम के चंपावत दौरे को भी इसी से जोड़ा जा रहा है।
चंपावत मानी जा रही सुरक्षित सीट
डीडीहाट से विधायक बिशन सिंह चुफाल के सीट न छोड़ने और मंत्री न बनाए जाने से नाराजगी के चलते पार्टी को अब मुख्यमंत्री के लिए सबसे सुरक्षित सीट तलाशनी है। खुद मुख्यमंत्री भी चाहते हैं कि उनके लिए इस समय सबसे सुरक्षित सीट ही एक मात्र विकल्प है। ऐसे में वे चंपावत के दौरे पर हैं। जिसमें वे लगातार क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का निराकरण कर दो दिन तक वहां विकास कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। दो दिवसीय चंपावत दौरे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर मुख्य बाजार समीप स्थित शारदा घाट में नदी से हो रहे कटाव एवं उसके बचाओ हेतु हो रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के आला अधिकारियों से बचाओ हेतु किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी ली एवं निर्माण कार्यो में तेज़ी लाने के निर्देश दिए,साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्या सुन मौके पर मुख्य सचिव से फोन में वार्ता कर शारदा नदी के बहाव को दूसरी दिशा में मोड़ने पर होने वाले चैनेलाइजेशन एवं तटबंद दीवारों के निर्माण जैसे कार्यों को शासन स्तर से जल्द मंजूरी दिलाए जाने एवं संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीएम ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर चंपावत जिले के टनकपुर स्थित प्रसिद्ध धाम मां पूर्णागिरी मंदिर में दर्शन कर पूजा पाठ कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की है।












Click it and Unblock the Notifications