उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन विपक्ष का स्मार्ट मीटर को लेकर जमकर हंगामा, कल साढ़े 12 बजे आएगा बजट
Uttarakhand budget satra: उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन विपक्ष ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जमकर हंगामा काटा और सरकार को घेरा। सदन में नियम 58 के तहत स्मार्ट मीटर पर चर्चा देर रात तक जारी रही। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर को लेकर आंदोलन हो रहे हैं।
इसमें 1500 करोड़ खर्च हो रहा है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा केंद्र सरकार राज्यों को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए मजबूर कर रही हैं। आर्य ने कहा कि स्मार्ट मीटर में कई खामियां है। सरकार की तरफ से संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने विपक्ष के सवालों के जबाव दिए।

अग्रवाल ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। देश के सभी राज्यों में स्मार्ट मीटर लगना शुरू हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पड़ोसी राज्य हिमाचल में 5 लाख के करीब स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। राज्य में 15 लाख 87 हजार स्मार्ट मीटर लगेंगे। केंद्र पोषित योजना के तहत स्मार्ट मीटर लग रहे हैं।
अग्रवाल ने कहा कि देशब्यापी योजना को राज्य सरकार स्वीकार कर रही है। बताया कि फोन पर स्मार्ट मीटर से जुड़ी हर अपडेट मिलेगी। जितनी बिजली इस्तेमाल करेंगे उतना ही पैसा देंगे। बिजली चोरी रोकने के लिए स्मार्ट मीटर लग रहे हैं। कहा कि स्मार्ट मीटर को पोस्ट पेड मोड में ही लगाया जा रहा है। पूरे देश में 40 कम्पनियों को सूचीबद्ध किया गया। E निविदा के माध्यम से 2 कम्पनियों का चयन किया गया। पूरा काम पारदर्शिता के साथ हो रहा है।
बता दें कि बजट सत्र मंगलवार 18 फरवरी से शुरू हो गया है। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सत्र के संचालन का एजेंडा तय किया गया है। 20 फरवरी को वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल दोपहर 12:30 बजे बजट पेश करेंगे। बजट का आकार एक लाख करोड़ से अधिक होने का अनुमान है। सरकार का मुख्य फोकस महिला, युवा, गरीब, किसान और अवस्थापना विकास पर रहेगा।
पहली बार राज्य का बजट विधानसभा में दोपहर साढ़े बारह बजे पेश होगा। इससे पहले बजट अपराह्न चार बजे पेश होता था हालांकि, गैरसैंण सत्र में धामी सरकार एक बार दोपहर ढ़ाई बजे भी बजट पेश कर चुकी है। आज सदन में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पूर्व विधायक चंद्रशेखर को भी श्रद्धांजलि दी गई। इस चर्चा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समाज में काम करने वालों की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान से हो, हमारा ये प्रयास होता है। सीएम ने सदन में घोषणा की कि जो भी पूर्व विधायक होंगे या समाज में उल्लेखनीय काम किया होगा, उनकी अंत्येष्टि राजकीय सम्मान से की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications