Sara Ali Khan ने दयारा बुग्याल का किया दीदार, ट्रैकिंग के बाद गांव में बिताया समय, महिलाओं ने दिया खास तोहफा
Sara Ali Khan: फिल्म अभिनेत्री सारा अली खान ने उत्तरकाशी के दयारा बुग्याल का दीदार किया। इस दौरान सारा ने दयारा बुग्याल में ट्रैकिंग की और बार्सू गांव में होम स्टे में रूककर महिलाओं के साथ समय भी बिताया। सारा ने गांव में महिलाओं से मुलाकात कर स्थानीय संस्कृति और जीवनशैली की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि इस सुंदर स्थान की जानकारी मुंबई में जाकर अपने दोस्तों को देंगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि सारा अली खान बीते 18 मई को बार्सू गांव पहुंचीं। उसके बाद दयारा बुग्याल की ट्रैकिंग कर पलाटूना में तीन दिन तक कैंपिंग की और फिर बार्सू के सराय होमस्टे में लौटीं।

बार्सू में सारा अली खान ने महिला मंगल दल और गांव की महिलाओं से मुलाकात की। महिलाओं ने अभिनेत्री को एक पारंपरिक टोपी और स्कार्फ भेंट किया। उन्होंने स्थानीय लोक पंरपरा, जीवनशैली और गांव में काम के बारे में बताया। सारा अली खान ने कहा कि उन्हें बार्सू और दयारा बुग्याल बहुत पसंद आए और वह यहां दोबारा आना चाहेंगी।
वहीं मुंबई लौटकर मित्रों को भी यहां आने के लिए प्रेरित करेंगी। बता दें कि सारा अली अक्सर उत्तराखंड में ट्रैकिंग और घूमने के लिए आती रहती हैं। केदारनाथ के अलावा सारा ने कई खूबसूरत ट्रैक भी कर चुकी हैं। इस बार सारा अली ने दयारा बुग्याल की ट्रैकिंग की।
दयारा बुग्याल उत्तरकाशी जिले में स्थित है। चारों ओर बर्फ से ढके इस बुग्याल तक पहुंचने के लिए उत्तरकाशी गंगोत्री सड़क मार्ग पर स्थित भटवाड़ी तक गाड़ी से पहुंचना होता है। फिर बारसू गांव से दयारा बुग्याल तक पैदल चलना होता है। जो कि करीब 9 किलोमीटर है। लेकिन 9 किमी की दूरी प्रकृति की सुंदरता के आगे कुछ भी नहीं है। जैसे ही आप मलमली घास पर पहुंचेगे तो आपकी थकान दूर हो जाएगी।
दयारा बुग्याल में सुंदर जंगल, पहाड़ और खूबसूरत रेशमी घास दिखेगी। सर्दियों में यहां स्कींग के लिए भी आ सकते हैं। जहां तक आपकी नजर दौड़ेगी आपको प्राकृतिक छटा ही नजर आएगी। बंदरपूछ, कलानाग, श्रीखंड महादेव, श्रीकांत शिखर और गंगोली चोटी जैसे पर्वत शिखरों का खूबसूरत नजारा यहां से देखने को मिलेगा।
देहरादून जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से उत्तरकाशी मुख्यालय लगभग 200 किमी दूर है। दयारा में आपको रुकने के लिए सीमित संसाधन मिलेंगे। यहां रिसोर्ट और स्थानीय लोगों के बनाए अस्थायी साधन आपको मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications