Sadhvi Prachi: 'महिलाओं से ज्यादा पुरुषों का शोषण', साध्वी प्राची ने की केंद्र से पुरुष आयोग की मांग
Sadhvi Prachi: विश्व हिंदू परिषद की फायरब्रांड नेता साध्वी प्राची ने पुरुषों के अधिकारों की रक्षा और उनकी सुरक्षा के लिए सरकार से पुरुष आयोग बनाने की मांग की है। साध्वी प्राची ने कहा कि जिसे तरह से पुरुषों का उत्पीड़न बढ़ रहा है अब समय आ गया है कि उनकी भी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
हरिद्वार स्थित अपने आश्रम में मीडिया से बात करते हुए साध्वी प्राची ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह किया कि जिस तरह महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के लिए महिला आयोग का गठन किया गया है, उसी तरह पुरुषों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी एक पुरुष आयोग बनाया जाए।

Sadhvi Prachi: पुरुष आयोग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल
साध्वी प्राची ने मेरठ हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में घटित दुखद घटनाओं ने देश का दिल दहला दिया है और अब यह जरूरी हो गया है कि उनके लिए भी एक समर्पित आयोग हो।
देश में अब लगातार पुरुष आयोग की मांग उठने लगी है हाल ही में वकील महेश कुमार तिवारी ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की, जिसमें घरेलू हिंसा के शिकार विवाहित पुरुषों की आत्महत्या जैसे मामलों से निपटने के लिए गाइडलाइन बनाने की मांग की गई।
इस याचिका में 2021 में प्रकाशित NCRB की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया कि साल 2020 में देश भर में 1,64,033 लोगों ने आत्महत्या की, जिनमें से 81,063 विवाहित पुरुष और 28,680 विवाहित महिलाएं थीं। इसमें इस बात का भी जिक्र किया गया कि 33.2 प्रतिशत पुरुषों ने पारिवारिक समस्याओं और 4.8 प्रतिशत ने विवाह संबंधी कारणों से परेशान होकर अपनी जान दे दी।
देशभर में तेज हो रही पुरुष आयोग की मांग
साध्वी प्राची के इस बयान के बाद राष्ट्रीय पुरुष आयोग की मांग को और बल मिल सकता है। कई सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं का मानना है कि जिस प्रकार महिला अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं, उसी प्रकार पुरुषों के लिए भी एक प्रभावी संस्थान की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications