गाजियाबाद से पैदल चलकर पहुंचा था उत्तरकाशी, दून अस्पताल के क्वारंटाइन सेंटर में तोड़ दिया दम
देहरादून। दून अस्पताल में क्वारंटाइन किए गए एक युवक ने 27 मई की देर रात दम तोड़ दिया। क्वारंटाइन सेंटर में युवक की मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। जिसके बाद मृतक युवक के कोरोना जांच के लिए सैंपल ले लिए गए हैं। बता दें कि युवक गाजियाबाद से अपने दो साथियों के साथ पैदल 19 मई को अपने गांव पहुंचा था। यहां इन तीनों को आंगनबाड़ी केंद्र में क्वारंटाइन किया गया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 24 मई को युवक ने छाती में दर्द होने की शिकायत की। जिस पर सीएचसी पुरोला से टीम ने पहुंच कर उसकी जांच की थी। जांच में युवक में कोरोना का कोई लक्षण नहीं पाया गया था। 26 मई को युवक को चिकित्सकों ने सीएचसी पुरोला से उत्तरकाशी रेफर कर दिया। वहां से उसी दिन युवक को देहरादून रेफर कर दिया गया था। युवक के साथ आए दोनों युवा अभी क्वारंटाइन सेंटर में ही हैं।
आंतों में इंफेक्शन और डिहाइड्रेशन की शिकायत थी
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज ने बताया कि युवक को उल्टी दस्त की शिकायत थी। उसे यहां सीएचसी पुरोला में भर्ती करने के बाद उत्तरकाशी रेफर कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि युवक में कोविड के कोई भी लक्षण नहीं थे। दो-तीन बार सेंटर में पहुंचकर खुद उन्होंने उसका चेकअप किया था। वहीं स्टेट कॉर्डिनेटर डॉ. एनएस खत्री ने बताया कि मृतक युवक की आंतों में इंफेक्शन और डिहाइड्रेशन की शिकायत भी थी। कोरोना जांच के लिए सैंपल ले लिए गए हैं।
उत्तराखंड में कोरोमा संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 493 हुआ
बता दें कि उत्तराखंड में आज गुरुवार को 15 कोरोना के मरीज मिले हैं। 15 मरीजों के बाद अब प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 493 हो गई है। प्रशासन अब संक्रमितों के संपर्क में आए संदिग्धों की पहचान कर उन्हें क्वारंटाइन करने में जुट गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, आज हरिद्वार में 7, टिहरी में 2 और दून में 6 मरीज मिले हैं। लगातार मरीजों के मिलने से विभाग पहले से ज्यादा सतर्क हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications