Uttarakhand: पेपरलीक प्रकरण के बाद सीएम धामी ने उठाया ये कदम, लोक सेवा आयोग ने जेई की परीक्षा को किया रद्द
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने जेई की परीक्षा को रद्द कर दिया है। एसआईटी की जांच रिपोर्ट में परीक्षा में नकल की पुष्टि होने के बाद शासन ने ये निर्णय लिया है। अब इस भर्ती के लिए विज्ञापन अप्रैल में जारी होगा।

उत्तराखंड में पेपरलीक प्रकरण सामने आने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक और सख्त कदम उठाया है। सीएम के निर्देश पर 2022 में हुए जेई भर्ती परीक्षा की जांच के बाद अब उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने जेई की परीक्षा को रद्द कर दिया है। एसआईटी की जांच रिपोर्ट में परीक्षा में नकल की पुष्टि होने के बाद शासन ने ये निर्णय लिया है। अब इस भर्ती के लिए नए सिरे से विज्ञापन अप्रैल में जारी होगा, जिसमें इंटरव्यू नहीं होंगे।
करीब 31 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने 25 नवंबर 2021 को 776 पदों के लिए जेई भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जारी किया था, जिसके लिए 26 नवंबर से 17 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन हुए थे। 7 से 10 मई 2022 के बीच इस भर्ती की लिखित परीक्षा हुई थी। इसमें करीब 31 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसका परिणाम 31 अगस्त 2022 को जारी किया गया था। बीते दिनों लोक सेवा आयोग के पटवारी पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद गोपन अधिकारी संजीव चतुर्वेदी के गिरफ्तारी के बाद इसका खुलासा हुआ। जिसके बाद सरकार ने इसकी भी एसआईटी जांच कराई। जांच के बाद आयोग ने कनिष्ठ अभियंता सेवा परीक्षा 2021 को भी निरस्त कर दिया। लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित करने के बाद साक्षात्कार का प्रोसेस भी पूरा हो चुका है। आयोग ने पूरी प्रक्रिया को रद्द कर अब अप्रैल के दूसरे सप्ताह में सम्मिलित राज्य कनिष्ठ अभियंता सेवा परीक्षा का नया विज्ञापन जारी करने की बात की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अब इस पद पर इंटरव्यू की व्यवस्था को खत्म कर दी है। जिसके बाद अब इसकी लिखित परीक्षा ही आयोजित होगी।












Click it and Unblock the Notifications