पिथौरागढ़ में घर पर चट्टान गिरने से मासूम की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका, जानें कैसे हुआ हादसा?
Pithoragarh Landslide news: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले (Pithoragarh) से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मंगलवार तड़के ग्राम देवात इलाके में एक घर पर अचानक भारी चट्टान गिर गई। इस हादसे में 12 साल के एक मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घर में मौजूद चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना देर रात करीब 1:52 बजे की बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे के नीचे दबे मासूम को निकालने के लिए मलबा और भारी पत्थर हटाए गए।

हालांकि, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि चार लोग घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उत्तराखंड पुलिस का बयान, रेस्कयू ऑपरेश जारी
उत्तराखंड पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "19.08.2025 को रात 1:52 बजे ग्राम देवात, पिथौरागढ़ में एक घर पर चट्टान गिर गई।
फायर, पुलिस और SDRF की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मलबे से 12 वर्षीय बच्चे को निकाला गया, जिसकी मौत हो चुकी थी। चार अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।"
गंगा घाटों पर रोक, पुलिस का सख्त पहरा
भारी बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से लक्ष्मण झूला और आसपास के घाटों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। पुलिस ने घाटों पर बैरिकेड्स लगाकर आम जनता की आवाजाही बंद कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के किनारों से दूर रहें और सतर्क रहें।
पुलिस ने संदेश जारी कर कहा - "लक्ष्मण झूला, ऋषिकेश क्षेत्र में गंगा घाटों पर पहुंचना पूरी तरह वर्जित है। पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। आपकी सजगता ही आपकी सुरक्षा है।"
लगातार भारी बारिश से उत्तराखंड के कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिथौरागढ़ में जहां एक मासूम की जान गई, वहीं दूसरी ओर गंगा के जलस्तर में वृद्धि ने नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन लगातार अलर्ट पर है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।












Click it and Unblock the Notifications