Uttarakhand: पटवारी भर्ती परीक्षा कल, युवा बेरोजगारों का आंदोलन और कांग्रेस का बवाल जारी
पेपरलीक और भर्तियों में धांधली के विरोध में युवा बेरोजगारों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। युवा आंदोलनकारी अपने साथियों को रिहा करने की मांग कर रहे हैं। दिनभर कचहरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

पेपरलीक और भर्तियों में धांधली के विरोध में युवा बेरोजगारों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। देहरादून में आंदोलनकारियों ने शहीद स्मारक और कलेक्ट्रेट के आसपास आंदोलन को जारी रखा। युवा आंदोलनकारी अपने साथियों को रिहा करने की मांग कर रहे हैं। दिनभर कचहरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। उधर इस मामले पर कांग्रेस का बवाल जारी है। कांग्रेस ने एक बार फिर पुलिस मुख्यालय कूच करना चाहा लेकिन पुलिस ने कांग्रेस के सीनियर नेताओं हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत आंदोलन कर रहे नेताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गए। इस तरह से आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच रविवार को पटवारी की परीक्षा आयोजित होनी है। जिसको लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह से अलर्ट है। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पहली बार भर्ती परीक्षा आयोजित हो रही है।
युवा धरना खत्म करने को तैयार नहीं
उत्तराखंड में युवा बेरोजगारों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। धामी सरकार के सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने और परीक्षाओं को नकल विहीन कराने के आश्वासन देने और पूर्व में आयोजित परीक्षाओं की जांच कराने के फैसले के बाद भी युवा धरना खत्म करने को तैयार नहीं है। अब युवा आंदोलनकारियों ने शहीद स्मारक में धरना देकर बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार और अन्य साथियों के रिहा न होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। इस बीच युवाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीएम धामी से मुलाकात कर अपनी बात रखी। जिसके बाद ये निर्णय हुआ कि जिन पर पुलिस कार्रवाई हुई और वे पेपर देना चाहते हैं, उन अभ्यर्थियों को कल एग्जाम सेंटर तक छोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुख्यालय कूच किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पहले ही रोक दिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए।
Recommended Video
रविवार को पटवारी/लेखपाल भर्ती परीक्षा
इस बीच पेपर लीक प्रकरण के बाद रविवार को पटवारी/लेखपाल भर्ती परीक्षा होनी है। जिसको शांति पूर्ण, निष्पक्ष और नकल विहीन कराने के लिये समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिये नि:शुल्क परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। गुरुवार रात को गांधी पार्क में धरना दे रहे आंदोलनकारियों में पुलिस ने जबरन उठा दिया। जिसके बाद शुक्रवार को युवा बेरोजगार सड़कों पर उतर आए। घंटाघर से लेकर गांधी पार्क तक जाम की स्थिति बनी रही। इस बीच पुलिस और युवाओं के बीच संघर्ष हुआ और बाद में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। जिसमें पत्थरबाजी होने का भी दावा किया गया।












Click it and Unblock the Notifications