जानिए कौन हैं रिटायर्ड आईजी और रिटायर्ड कर्नल जो बनेंगे प्रधान, गुंजी गांव और बिरगण गांव ने निर्विरोध चुना
Panchayat chunav: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस बीच युवा वर्ग में चुनाव को लेकर काफी जोश नजर आ रहा है। इस बीच पिथौरागढ़ के गुंजी गांव और पौड़ी गढ़वाल के बिरगण गांव से शानदार तस्वीर सामने आई है।
दोनों गांव ने मिसाल पेश करते हुए निर्विरोध ही चुनाव करा लिया है। इतना ही नहीं गांव की कमान रिटायर्ड पढ़े लिखे अधिकारियों के हाथ में सौंप दी है। वाइब्रेंट विलेज गुंजी गांव ने उत्तराखंड पुलिस से रिटायड आईजी विमला गुंज्याल और बिरगण गांव से रिटायर्ड कर्नल यशपाल सिंह नेगी को निर्विरोध प्रधान चुन लिया गया है।

दोनों ही अब ग्राम पंचायत की कमान संभालेंगे। दोनों गांवों के ग्रामीणेां ने मिसाल पेश करते हुए अपने गांव के वरिष्ठ और शिक्षित पढ़े लिखे लोगों पर भरोसा जताया है। जिस तरह आज सभी लोग राजनीति से दूर होते जा रहे हैं और राजनीति से कई लोगों का मोह भंग हो रहा है। ऐसे में पुलिस और फौज से रिटायर्ड अधिकारी गांव की सेवा की नई मिसाल पेश करने जा रहे हैं।
दोनों के निर्विरोध चुने जाने पर पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह अपने आप में राज्य के लिए अति शुभ संदेश है। सक्षम व्यक्ति गांव लौटें ताकि उत्तराखंडियत की आभा और चमके, यह आवश्यक है। सक्षम होते ही लोग गांव छोड़ दे रहे हैं।
कहा कि इन दोनों का ग्राम प्रधान चुना जाना यह संकेत देता है कि जीवन में क्षमता अर्जित कर चुके लोग अब अपनी क्षमता का उपयोग करने गांव लौट रहे हैं और उसकी विकास यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। हरीश रावत ने कहा कि गुंजी और बिरगण गांव, दोनों जगह जाऊंगा और गांव वासियों को माला पहनाकर उत्तराखंड को रास्ता दिखाने के लिए धन्यवाद दूंगा। उन्होंने सीएम धामी से आग्रह किया है कि राज्य में जिन ग्राम पंचायतों ने निर्विरोध प्रधान चुने हैं उनको राज्य की ओर से एक निश्चित धनराशि विकास के लिए अतिरिक्त दी जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications