कल्याण सिंह के निधन पर उत्तराखंड में एक दिन का राजकीय शोक, सीएम धामी ने जताया दुख
देहरादून, 22 अगस्त: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। कल्याण सिंह ने शनिवार रात करीब सवा नौ बजे 89 वर्ष की उम्र में लखनऊ के एसजीपीजीआई अस्पताल में अंतिम सांस ली। जहां यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रदेश में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनके निधन से हम सब दुखी है। जब वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हुआ करते थे, तब उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा हुआ करता था। इसलिए उत्तराखंड के लोग उन्हें अपने दिलों में रखते हैं। हमने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
वहीं उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि कल्याण सिंह के निधन से हम सब स्तब्ध हैं। वे दलितों और पिछड़े वर्ग के लिए हमेशा लड़ाई लड़ते थे, वे जो बोलते थे एकदम स्पष्ट बोलते थे। हमारा ऐसा राजनेता हमारे बीच से चला गया मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।
बता दें कि लखनऊ स्थित घर पर अंतिम दर्शन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री को उनके पैतृक जिले अलीगढ़ ले जाया जाएगा। जहां अतरौली के नरौरा में 23 अगस्त (सोमवार) को अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले रविवार को आज उनके लखनऊ स्थित आवास पर उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। जहां पीएम मोदी सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने उनको श्रद्धांजलि अर्पित की।












Click it and Unblock the Notifications