Mansa Devi Stampede: मनसा धाम में विराजती हैं 'नागों की देवी',जानिए उस मंदिर के बारे में जहां मची भगदड़
Mansa Devi Stampede: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मचने की वजह से 8 लोगों की मौत गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, पीएम मोदी और सीएम धामी ने इस हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हादसा मंदिर के सीढ़ी वाले एरिया में हुआ, जो कि काफी संकरा है। हरियाली तीज और रविवार होने की वजह से यहां पर भारी भीड़ थी, ऐसे में कुछ लोगों ने वहीं बिजली की तार के सहारे ऊपर जाने की कोशिश की।
लेकिन तभी किसी ने वहां पर अफवाह फैला दी कि बिजली के तार में करंट है, जिसके बाद वहां पर भगदड़ मच गई जिसमें 8 लोगों की जान चली गई।

फिलहाल प्रशासन यहां पर अलर्ट मोड में हैं और घायलों का उपचार किया जा रहा है। आपको बता दें कि आस्था की मानक मनसा देवी के बारें मे कहा जाता है कि 'यहां पर भक्त जो भी मांगते हैं वो जरूर पूरी होती है इसी वजह से सावन माह में यहां पर भक्तों का मेला लग जाता है।'
देवी मनसा भगवान शिव के मन से उत्पन्न हुई थीं (Mansa Devi Stampede)
मनसा देवी को लोग 'नागों की देवी' कहते हैं, मान्यता है कि देवी मनसा, भगवान शिव के मन से उत्पन्न हुई थीं, इसलिए उनका नाम 'मनसा' पड़ा। उन्हें शक्ति स्वरूपा भी कहा जाता है। यह मंदिर शक्ति पीठों में से एक है और साथ ही यह हरिद्वार की पंच तीर्थों में भी गिना जाता है। इन्हें 'शिवपुत्री' भी कहा जाता है। इनकी पूजा करने से सांप के काटने का डर नहीं होता है।
भक्त बांधते हैं मन्नत का धागा (Mansa Devi Stampede)
मानसा देवी मंदिर, हरिद्वार के बिल्वा पर्वत (शिवालिक पर्वतमाला) पर स्थित है। श्रद्धालु मंदिर परिसर में विशेष पेड़ पर धागा बांधकर अपनी इच्छाओं की पूर्ति की कामना करते हैं। जब उनकी मन्नत पूरी हो जाती है तो वे वापस आकर धन्यवाद स्वरूप धागा खोलते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक (Mansa Devi Stampede)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर के रास्ते में भगदड़ के कारण हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया कि ' हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर के मार्ग में भगदड़ की दुर्घटना में अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार बहुत पीड़ादायक है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी श्रद्धालु शीघ्र स्वस्थ हों।'
पीएम मोदी ने जताया शोक (Mansa Devi Stampede)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर के रास्ते में हुई भगदड़ में हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया।
मृतकों के परिवार वालों को दिया जाएगा मुआवजा (Mansa Devi Stampede)
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार जिले में स्थित मंशा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर हुई भगदड़ की घटना में 08 श्रद्धालुओं की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी हरिद्वार को घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं और जिलाधिकारी हरिद्वार को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications