'तीन महीने में ही भूल गए पहलगाम का जख्म', BCCI पर फूटा फैंस का गुस्सा, बायकॉट एशिया कप हो रहा ट्रेंड
IND vs PAK Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 का शेड्यूल सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर जबरदस्त विवाद खड़ा हो गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को यूएई में होने वाले मुकाबले को लेकर फैंस में नाराज़गी देखने को मिल रही है। बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं कि जब हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कई निर्दोष लोगों की जान गई तो ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का फैसला क्यों लिया गया?
पाकिस्तान के साथ खेलने पर बवाल (IND vs PAK Asia Cup 2025)
दरअसल, कुछ ही दिन पहले वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भारत के पूर्व खिलाड़ियों की टीम ने पाकिस्तान से मैच खेलने से इनकार कर दिया था। यह फैसला देश में गम और गुस्से के माहौल को देखते हुए लिया गया था। लेकिन अब आधिकारिक टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर BCCI की मंजूरी पर फैंस सवाल उठा रहे हैं। फैंस बीसीसीआई पर लगातार अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।

#BoycottAsiaCup कर रहा है ट्रेंड
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर #BoycottAsiaCup ट्रेंड कर रहा है। कई यूजर्स ने BCCI पर 'भावनाओं से खिलवाड़' और 'व्यावसायिक फायदे के लिए देशभक्ति से समझौता' करने का आरोप लगाया है। एक यूजर ने लिखा कि ये सिर्फ क्रिकेट नहीं है, ये हमारे देश और लोगों के सम्मान की बात है। वहीं एक युजर ने लिखा कि तीन महीने में ही भूल गए पहलगाम का ज़ख्म बीसीसीआई को शर्म आनी चाहिए।
फैंस कर रहे हैं बीसीसीआई की आलोचना
फैंस का कहना है कि जब भारत-पाक के बीच लीजेंड्स लीग का मैच कैंसिल किया गया तो अब आधिकारिक मैच क्यों खेला जा रहा है? कुछ लोग खेल को राजनीति से अलग रखने की वकालत कर रहे हैं, लेकिन बड़ी संख्या में भारतीय फैंस का मानना है कि ऐसे समय पर पाकिस्तान से मैच खेलना सही नहीं है। बढ़ते विरोध के बीच अब BCCI पर दबाव है कि वह अपनी स्थिति स्पष्ट करे। क्या भारत-पाक मैच होगा या नहीं, इसका फैसला अभी बाकी है, लेकिन सोशल मीडिया पर गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा।












Click it and Unblock the Notifications