अलकनंदा में गिरी टेंपो ट्रैवलर, 12 की मौत, 14 घायल, एम्स पहुंचे सीएम धामी
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा सामने आया है। यहां श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा नदी में गिर गई। इस हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसे के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर 500 मीटर नीचे अलकनंदा नदी में गिर गया। हादसे में मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोगों की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

एसडीआरएफ ने बताया कि दुर्घटना गहरी खाई में हुई है, काफी मशक्कतके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच पाया और शवों को बाहर निकाला। घायलों को बाहर निकालकर उ्न्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में एक महिला गाड़ी से छिटककर तकरीबन 80 मीटर नीचे झाड़ियों में अटक गई थीं। एसडीआरएफ के जवानों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
वहीं गढ़वाल के पुलिस महानिरीक्षक के एस नगन्याल ने बताया कि श्रद्धालु चोपता घूमने जा रहे थे, लेकिन गंतव्य पर पहुंचने से पहले ही उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। वाहन में कुल 26 लोग सवार थे, जिसमे अधिकतर लोग दिल्ली के रहने वाले थे।
इस हादसे के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घायलों का हाल लेने ऋषिकेश एम्स पहुंचे। उन्होंने कहा एम्स, ऋषिकेश पहुंचकर रुद्रप्रयाग में टेम्पो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने से घायल हुए लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही घायलों के परिजनों से भी संपर्क कर सरकार की ओर से उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए आश्वस्त किया। इस दौरान चिकित्सकों से घायलों के उपचार के विषय में जानकारी भी ली।
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी हादसे पर दुख जाहिर करते हुए कहा उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में श्रद्धालुओं से भरे टेंपो ट्रैवलर के अलकनंदा नदी में गिरने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है।
इस दुख में, मैं सभी शोक संतप्त परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही घायलों के शीघ्र से शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। कांग्रेस के साथियों से अपील है कि बचाव कार्य में प्रशासन की हर संभव मदद करें।












Click it and Unblock the Notifications