Mahashivratri 2024: केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि का होगा ऐलान, मंदिरों में ये है खास तैयारियां
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिव मंदिरों में खास तैयारियां की जा चुकी है। आठ मार्च कल महाशिवरात्रि पर्व है। शिवभक्तों को जहां शिव के दर्शन को लेकर खासा उत्साह है, वहीं केदारनाथ के कपाट की तिथि के ऐलान का भी इंतजार है।

महाशिवरात्रि पर्व पर ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में सुबह नौ बजे से धार्मिक अनुष्ठान शुरू होंगे। महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि पंचांग गणना से तय कर घोषित की जाएगी। साथ ही बाबा केदार की पंचमुखी भोगमूर्ति के चल उत्सव विग्रह डोली में विराजमान होकर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से अपने धाम के लिए प्रस्थान का दिन भी तय होगा।
बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय की मौजूदगी में केदारनाथ के रावल भीमाशंकर के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि घोषित की जाएगी। देहरादून के शिव मंदिरों में भी महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
ऐतिहासिक टपकेश्वर महादेव मंदिर में भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। महाशिवरात्रि पर्व पर बृहस्पतिवार की आधी रात से ही भगवान टपकेश्वर महादेव भक्तों को दर्शन देंगे। यहां भगवान टपकेश्वर का भव्य रूप से शृंगार किया जाएगा। इसके बाद रात 12 बजे ही भक्त टपकेश्वर महादेव के दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज ने बताया कि मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारी पूरी कर ली गई है। मंदिर में महाशिवरात्रि पर 5100 लीटर केसर युक्त दूध भक्तों को वितरित किया जाएगा। पलटन बाजार स्थित श्री जंगमेश्वर महादेव का 51 लीटर दूध से महारुद्राभिषेक किया जाएगा।
इसके बाद 3100 लीटर केसर युक्त दूध का भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा। बंजारावाला स्थित सिद्धेश्वर मंदिर को भी भव्य तरीके से सजाया गया है। यहां भी महाशिवरात्रि पर मेले का आयोजन होगा। हरिद्वार में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है। शिव भक्त कांवड लेकर अपने अपने गंतव्यों को रवाना हो चुके हैं। महाशिवरात्रि पर भक्त शिवालयों में गंगा जल को चढ़ाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications