उत्तराखंड में बसपा ने पांचों सीटों पर उतारे प्रत्याशी,दो मुस्लिम चेहरे भी मैदान में,जमकर हुआ पॉलिटिकल ड्रामा
उत्तराखंड में बहुजन समाज पार्टी ने पांचों लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। टिहरी से नीम चंद्र छुरियाल, पौड़ी से धीर सिंह बिष्ट, नैनीताल में अख्तर माहिगिरी, हरिद्वार में जमील अहमद कासमी और अल्मोड़ा में नारायण राम को प्रत्याशी बनाया गया है।

टिहरी से नीम चंद्र छुरियाल, पौड़ी से धीर सिंह बिष्ट ने नामांकन करा दिया है। जबकि नैनीताल में अख्तर माहिगिरी, हरिद्वार में जमील अहमद कासमी और अल्मोड़ा में नारायण राम बुधवार को नामांकन करेंगे।
उत्तराखंड में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशियों के ऐलान से पहले ही एक सियासी ड्रामा भी हुआ। जिसने पार्टी को बैकफुट पर ला दिया है। हरिद्वार सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान करने वाली भावना पांडेय के बसपा में अपनी पार्टी के विलय, हरिद्वार लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषणा और फिर अगले ही दिन पार्टी छोड़ने के पॉलिटिकल ड्रामे से पार्टी हाईकमान नाराज हो गया है।
जिससे नाराज होकर प्रदेश प्रभारी नरेश गौतम को हटा दिया है। अब केवल दो प्रदेश प्रभारी ही चुनाव में काम करेंगे। होली से पहले भावना पांडेय ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की थी। प्रदेश प्रभारी नरेश गौतम ने उन्हें सदस्यता दिलाई थी। इसमें घोषणा की गई कि भावना लोकसभा चुनाव में बसपा की प्रत्याशी होंगी।
इस घोषणा के अगले ही दिन भावना ने बसपा छोड़ दी। भावना पांडेय होली पर पूर्व सीएम और भाजपा उम्मीदवार त्रिवेंद्र रावत से मिलने पहुंची। इसके बाद ही उनके भाजपा में जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। इस फजीहत से नाराज बसपा सुप्रीमो ने प्रदेश प्रभारी नरेश गौतम हटा दिया है।
अब केवल दो प्रभारी शम्सुद्दीन राईन और सुरेश आर्य ही लोस चुनाव की व्यवस्था संभालेंगे। हरिद्वार से बसपा ने यूपी के मीरापुर विधानसभा से पूर्व बसपा विधायक जमील अहमद कासमी को प्रत्याशी बनाया है। बहुजन समाज पार्टी को हरिद्वार व नैनीताल सीट पर अपने प्रत्याशियों के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इन सीटों पर मुस्लिम चेहरों को उतारा गया है। दोनों सीटों पर मुस्लिम वोट बैंक का प्रभाव है।












Click it and Unblock the Notifications