जानिए कौन है निर्मला गहतोड़ी, जो चंपावत में सीएम पुष्कर सिंह धामी को देंगी चुनौती
कांग्रेस ने चंपावत उपचुनाव में निर्मला गहतोड़ी को दिया टिकट
देहरादून, 6 मई। उत्तराखंड में चंपावत विधानसभा सीट में होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने कांग्रेस ने महिला प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को चुनावी मैदान में उतारा है। जो कि संगठन में और राज्यमंत्री रह चुकी हैं। हालांकि नए चेहरे को चुनाव में उतारकर कांग्रेस ने सबको चौंका दिया है।

11 मई तक होना है नामांकन
चंपावत उपचुनाव के लिए 31 मई को मतदान होना है। चार मई को इसकी अधिसूचना जारी हो गई थी। 11 मई नामांकन की आखिरी तारीख है। कांग्रेस ने चंपावत विधानसभा सीट से अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को कड़ी टक्कर देने के लिए पूर्व जिला अध्यक्ष और पूर्व राज्यमंत्री निर्मला गहतोड़ी पर दांव खेला है। इस सीट पर कांग्रेस की ओर से पहले हेमेश खर्कवाल दो बार के विधायक रह चुके हैं। लेकिन कांग्रेस ने नया चेहरा लाकर चौंकाया है। निर्मला गहतोड़ी ब्राह्रमण और महिला चेहरा हैं। इससे पहले चंपावत से भाजपा के विधायक कैलाश गहतोड़ी थे, जो कि ब्राह्रमण चेहरा थे। अब भाजपा ने पुष्कर सिंह धामी जो कि ठाकुर चेहरा हैं को प्रत्याशी बनाया है। साफ है कि कांग्रेस ने भाजपा को टक्कर देने के लिए रणनीति बदली है।
चंपावत विधानसभा सीट पर विस्तृत जानकारी के लिए यहां क्लिक करें
भाजपा, कांग्रेस में होगी सीधी टक्कर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 9 मई को नामांकन कराएंगे। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने चंपावत विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। यह चुनाव भाजपा के लिए खासा अहम है। खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में चंपावत की जनता सरकार के दो माह के कार्यकाल पर मतदान करेगी। भाजपा ने चंपावत जीतने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। तो कांग्रेस पूरे दमखम के साथ चंपावत से अपने प्रत्याशी को मैदान में उतार रही है। चंपावत सीट पर भाजपा ने अब तक दो बार महिला प्रत्याशियों को चुनाव में उतारा है। जिसमें से भाजपा की एक बार की विधायक बीना महाराना सरकार में राज्य मंत्री भी रह चुकी हैं। जबकि कांग्रेस की पहली बार महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। चंपावत में बसपा, सपा और आप भी अपने प्रत्याशी उतारने की बात कर रहा है। लेकिन मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में ही मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications