जानिए कब बंद होंगे गंगोत्री धाम के कपाट,केदारनाथ का भी हुआ तय,बदरीनाथ का दशहरे पर ऐलान
char dham yatra उत्तराखंड की चार धाम यात्रा नवंबर से शीतकाल के लिए बंद हो जाएगी। चारों धामों के कपाट बंद होने की प्रक्रिया को लेकर मुहूर्त तय होने लगे हैं। केदारनाथ और गंगोत्री के कपाट बंद होने की तारीखों का ऐलान हो गया है। दशहरे पर बदरीनाथ के कपाट बंद होने की तारीख तय होगी।
मां भगवती गंगे के कपाट गंगोत्री धाम में शीतकाल के लिए 2 नवंबर को 12:14 पर अभिजीत मुहूर्त में बंद कर दिए जाएंगे। मां भगवती गंगे के डोली गंगोत्री से प्रस्थान कर रात्रि विश्राम भगवती मंदिर मारकंडे के पास निवास करेगी और 3 नवंबर को मां भगवती गंगे की डोली मुखवा में शीतकालीन प्रवास में विराजमान हो जाएगी।

इसके बाद श्रद्धालु मुखबा गांव में मां गंगे के दर्शन कर सकेंगे। बता दें कि केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने की तारीख और मुहूर्त का पहले ही ऐलान हो चुका है। शीतकाल के लिए बाबा केदार के कपाट 3 नवंबर, को भाईदूज के दिन प्रातः 8 बजकर 30 मिनट पर बंद कर दिए जाएंगे।
अगले 6 माह बाबा केदार के दर्शन शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में होंगे। केदारनाथ भगवान की चल-विग्रह डोली यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 3 नवंबर को चल-विग्रह डोली केदारनाथ मंदिर से प्रातः 8:30 बजे प्रस्थान होगी। इसके बाद रात में विश्राम के लिए रामपुर पहुंचेगी।
4 नवंबर को श्री केदारनाथ भगवान की चल-विग्रह डोली रामपुर से प्रातः प्रस्थान होगी तथा फाटा, नारायकोटी होते हुए रात्रि विश्राम के लिए श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी। 5 नवंबर को चल-विग्रह डोली श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी से प्रातः 8: 30 बजे प्रस्थान कर प्रातः 11: 20 बजे अपने शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। जहां अगले 6 माह तक बाबा केदार के दर्शन होंगे।यमुनोत्री धाम के कपाट भी केदारनाथ के साथ भैया दूज पर्व पर बंद होंगे। जो कि 3 नवंबर को है। बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तारीख शनिवार 12 अक्टूबर को दशहरे पर्व पर तय होगा।












Click it and Unblock the Notifications