उत्तराखंड: मंत्री बंशीधर भगत के बयान पर बवाल, आम आदमी पार्टी ने कहा- जिंदा इंसानों की फिक्र करे सरकार
देहरादून, मई 7। उत्तराखंड सरकार में शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत के उस बयान को लेकर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था और ऑक्सीजन की स्थिति पर चिंता ना जाहिर करते हुए श्मशानों को लेकर चिंता व्यक्त की थी। बंशीधर के उस बयान पर आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता नवीन पीरशाली ने कहा है कि प्रदेश के मंत्री इतने संवेदनशील कैसे हो सकते हैं? नवीन पीरशाली ने कहा कि ये समय लोगों की जिंदगियां बचाने का है और उसके लिए बीजेपी सरकार के मंत्रियों को प्रयास करना चाहिए ना कि प्रदेश के श्मशानों में सेनेटाईजेशन और साफ सफाई की ज्यादा फिक्र करनी चाहिए। आप प्रवक्ता ने कहा कि ये बयान इस ओर भी तस्दीक देता है कि बीजेपी मंत्री को जिंदा इंसानों की कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने कहा कि आज कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण लोग अपनी जान गंवाने को मजबूर हैं, लेकिन राज्य सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि राज्य के अंदर कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं और सैंकड़ों लोग रोजाना अपनी जान गंवा रहे हैं, लेकिन राज्य के शहरी विकास मत्री को जिंदा इंसान तो नजर नही आ रहे, उन्हें तो श्मशानों में अवव्यस्थाओं की ज्यादा फिक्र है। उन्होंने कहा कि एक मंत्री का ऐसा बयान देना ये बताता है कि राज्य सरकार के मंत्री जिंदा लोगों के प्रति कितने संजीदा हैं। आप प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण लोगों की जान जा रही है तो वहीं दूसरी तरफ डॉक्टर अपनी कोशिशें पूरी कर रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर मंत्री जी के ऐसे बयान उनकी हिम्मत तोड रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस राज्य में पहले से ही स्वास्थय सेवाओं का टोटा बना हुआ है। यहां बिना इलाज मिले लोग रोज दम तोड रहे हैं। कहीं बेड नहीं है,कहीं ऑक्सीजन नहीं है,कहीं डाॅक्टर नहीं है तो, कहीं अन्य सुविधाएं नहीं हैं जिसका असर मरीजों पर पड रहा है। उन्होंने कहा कि ये सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है जो सिर्फ केन्द्र और अन्य औद्योगिक घरानों के रहमो करम पर टिकी हुई है। इस सरकार के अपने संसाधन कुछ नही है। इस राज्य की स्वास्थय सेवाएं पहले से ही भगवान भरोसे चल रही थी जो अब भी जारी है, यहां लोग अपनी जिम्मेदारी पर ही इलाज करवा रहे हैं। आप प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे कैबिनेट मंत्रियों को शर्म आनी चाहिए जो जनता को माकूल इलाज तो दे नही पाते और उपर से लोगों की हिम्मत जरुर तोड़ने का काम कर रहे हैं। अगर बीजेपी के नेताओं में थोडी भी गैरत है तो अस्पतालों में जाकर लोगों की समस्याएं जाननी चाहिए कि कैसे लोग बिना इलाज के लिए आज सांसों के लिए मोहताज हैं।
नवीन पीरशाली ने आखिर में कहा कि आम आदमी पार्टी राज्य सरकार से ये अपील करती है कि मरीजों को सही इलाज मुहैया कराया जाए। अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरस्त करते हुए ऑक्सीजन, आईसीयू, वेंटिलेटर समेत तमाम व्यवस्थाएं जल्द से जल्द मुहैया हो सके।












Click it and Unblock the Notifications