उत्तरकाशी मस्जिद विवाद के बीच हिंदू महापंचायत शुरू, ड्रोन से निगरानी, प्रशासन ने की ये खास तैयारियां
Hindu Mahapanchayat uttarkashi Masjid controversy: उत्तरकाशी मस्जिद विवाद के बीच आज महापंचायत शुरू हो गई है। उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में मस्जिद के खिलाफ देवभूमि विचार मंच की ओर से आज महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें स्थानीय विधायक के साथ ही देशभर से हिंदूवादी नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। जिसमें हैदराबाद के विधायक टी राजा भी पहुंच रहे हैं।
उत्तरकाशी में मस्जिद को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 अक्तूबर को मस्जिद के खिलाफ संयुक्त सनातन धर्म रक्षक संघ ने जनाक्रोश रैली निकाली थी, जिसमें पथराव और लाठीचार्ज की घटना में 9 पुलिसकर्मी सहित 27 लोग घायल हुए थे।

इसके बाद से जिले में तनाव की स्थिति बनी हुई है। अब विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर देवभूमि विचार मंच रामलीला मैदान में महापंचायत का आयोजन हो रहा है। आयोजन को प्रशासन ने सशर्त अनुमति दी है। इस बीच पहली बार उत्तरकाशी में पहली बार महिला एसपी की नियुक्ति भी गई है। सरिता डोबाल के रुप में जिले को 19 वीं एसपी मिली है। जिनकी कुर्सी संभालते ही महापंचायत और कानून व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है
महापंचायत के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती गई है। जिसमें टिहरी में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक जेआर जोशी भी उत्तरकाशी मोर्चा संभालने पहुंचे हैं। उनके अलावा अतिरिक्त पुलिस बल में 4 सीओ, 9 इंस्पेक्टर, 5 सब-इंस्पेक्टर, 9 सहायक सब इंस्पेक्टर और दो कंपनी पीएसी को बुलाया गया है। इसके अलावा जनपद के मनेरी, हर्षिल, धरासू, बड़कोट, पुरोला व मोरी आदि थानों में तैनात अधिकारियों भी मुख्यालय में बुलाया गया है। सबसे ज्यादा अतिरिक्त पुलिस बल हरिद्वार से पहुंचा है।
प्रशासन ने की ये खास तैयारियां:
- कार्यक्रम को देखते हुये पर्याप्त पुलिस बल नियुक्त किया गया है
- सम्पूर्ण क्षेत्र को 7 जोन तथा 15 सेक्टर में विभाजित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है।
- पूरे कार्यक्रम पर ड्रोन तथा कैमरों के माध्यम से सतर्क दृष्टि रखी जायेगी, चप्पे-चप्पे की निगरानी
- जिला प्रशासन द्वारा बाडाहाट, मस्जिद मौहल्ला के 50 मीटर परिधि क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुये निषेधाज्ञा लागू की गयी है।
- डायवर्ट रहेगा उत्तरकाशी शहर का यातायात
- धरासू की तरफ से उत्तरकाशी आने वाले यातायात को मनेरा बाईपास तिराह से डायवर्ट किया गया है। उक्त यातायात के लिए पार्किंग की व्यवस्था जोशियाड़ा ट्रक यूनियन व इंद्रावती पार्किंग में की गयी है।
- साल्ड, ज्ञानसू की तरफ से आने वाले वाहन गैस गोदाम तिराह से डायवर्ट किये गये हैं, पार्किंग की व्यवस्था ट्रक यूनियन पार्किंग जोशियाड़ा में की गयी है।
- मानपुर से आने वाला यातायात इंद्रावती पार्किंग में पार्क होगा।
- भटवाडी की तरफ से आने वाले यातायात को तेखला पुल से डायवर्ट किया गया है तथा पार्किंग की व्यवस्था इंद्रावती पार्किंग में की गयी है।
- सर्विस बसों को ट्रक यूनियन पार्किंग तक आने दिया जायेगा।
- भटवाड़ी टैक्सी यूनियन के वाहनों को भटवाडी टैक्सी स्टैण्ड तक आने की परमिशन रहेगी।
- गैस गोदाम बैरियर, भटवाड़ी तिराह, तिलोथ कट बैरियर से समस्त वाहन बाजार क्षेत्र में वर्जित रहेंगे।
- स्थानीय लोग सुविधानुसार अपने निकटवर्ती पार्किंग स्थल पर वाहन को पार्क कर बाजार में पैदल आवागमन करेंगे।
- मेडिकल इमर्जेंसी वाहन को छोड़कर उक्त यातायात प्लान सभी वाहनों पर लागू रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications