Haridwar: भैंस का लोन पास करवाने के लिए बैंक मैनेजर ने मांगी रिश्वत, विजिलेंस ने 4 हजार रुपए लेते धरा
हरिद्वार में विजिलेंस की टीम ने बैंक मैनेजर को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बैंक मैनेजर पर भैंस का लोन पास करवाने के एवज में रिश्वत लेने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता ने दीनदयाल योजना के अन्तर्गत भैंस खरीदने के लिए लोन के लिए जिला सहकारी बैंक से आवदेन किया था। जहां मैनेजर ने लोन पास करने के लिए रिश्वत की मांग की। जिसके बाद डील के अनुसार कुछ रकम पहले ही दे दी थी। लेकिन आज बची हुई रकम लेते आरोपी मैनेजर को विजिलेंस ने ट्रेप कर लिया।

उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जीरो टोलरेंस नीति पर विजिलेंस लगातार काम कर रही है। विजिलेंस की टीम ने आज हरिद्वार में जिला सहकारी बैंक के मैनेजर को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार निवासी शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नम्बर-1064 पर शिकायत की।
बताया कि उसकी पत्नी प्रियंका देवी व उसके चाचा के लड़के मोनू कुमार और पड़ोसी राहुल कुमार ने दीनदयाल योजना के अन्तर्गत भैंस खरीदने के लिए एक-एक लाख ऋण के लिए अपने क्षेत्र के जिला सहकारी बैंक की शाखा ग्राम मगरूनपुर, थाना बहादराबाद हरिद्वार में आवेदन किया था। जिला सहकारी बैंक की शाखा ग्राम मगरूबपुर के शाखा प्रबन्धक संदीप कुमार निवासी झबरेड़ा हरिद्वार ने तीनों के लोन पास करने की एवज में 11-11 हजार कुल 33 हजार रिश्वत की मांग की गयी।
इसके बाद आवेदन करने वालों के खातों में एक-एक लाख रूपये डाल दिये। जिस पर शिकायतकर्ता द्वारा 19.09.2023 को लोन पास करने के नाम पर कुल 29 हजार रुपए रिश्वत के रूप में बैंक मैंनेजर को दे दिये। 20.09.2023 को जब मोनू अपने खाते में से लोन के शेष धनराशि निकालनी चाही तो बैंक मैनेजर ने बची हुई रिश्वत की रकम मांगी। लेकिन शिकायतकर्ता ने इसकी कंप्लेन कर दी। सतर्कता अधिष्ठान सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने आरोपी संदीप कुमार जिला सहकारी बैंक की शाखा ग्राम मगरूबपुर के शाखा प्रबन्धक,थाना- झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार को शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications